Wednesday, September 9खबर जो असर करे |
Shadow

बीजापुर में बाल विवाह उन्मूलन के लिए जनजागरूकता अभियान आयोजित

बीजापुर, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के 100 दिवसीय कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिले में जनजागरूकता की व्यापक पहल की जा रही है। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशानुसार आज शुक्रवार को ग्राम पंचायत तोयनार के सम्मका–सारक्का माता मंदिर परिसर में बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही बाल अधिकारों, किशोर–किशोरियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों से लोगों को अवगत कराया गया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के कानूनी प्रावधान, बालिकाओं के शिक्षा अधिकार, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी लाभकारी योजनाओं तथा इस दिशा में शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बताया कि बाल विवाह न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है।

इस अवसर पर ग्रामीण समुदाय, अभिभावकों, महिला समूहों एवं युवाओं से बाल विवाह न करने तथा कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करने की अपील की गई। जिले के कई धार्मिक स्थलों जैसे मंदिर-मस्जिदों, देवगुड़ी जैसी जगहों पर विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं, किशोर–किशोरियों एवं सामाजिक संगठनों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण हेतु पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *