Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

बजट से पहले शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स-निफ्टी कमजोर बंद हुए

नई दिल्ली, 30 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीन दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। बजट पेश होने से पहले निवेशक सतर्क रहते हुए कारोबार करते नजर आए। कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते आज शेयर बाजार में पूरे दिन कमजोरी बनी रही। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 625 अंक से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी भी 205 अंक से अधिक गिर गया। हालांकि, बाद में चुनिंदा शेयरों में आई खरीदारी के कारण दोनों सूचकांकों की स्थिति में कुछ सुधार हुआ। अंततः, सेंसेक्स 0.36 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान मेटल सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक बिकवाली देखने को मिली, जिसके चलते मेटल इंडेक्स 5.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, बैंकिंग, आईटी, ऑयल एंड गैस तथा टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। इसके विपरीत, फार्मास्यूटिकल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और मीडिया सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। एफएमसीजी, कैपिटल गुड्स और ऑटोमोबाइल इंडेक्स भी कमजोरी के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा, जहाँ बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ।

इसके विपरीत, स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार का अंत किया। आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,367 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 2,424 शेयर बढ़त के साथ और 1,781 शेयर गिरावट के रुख में बंद हुए। एनएसई में 2,899 शेयरों में ट्रेडिंग हुई, जिनमें से 1,661 शेयरों ने लाभ कमाया, जबकि 1,238 शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 13 बढ़त में और 17 गिरावट के साथ बंद हुए; निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 25 हरे और 25 लाल निशान पर बंद हुए।

आज बीएसई का सेंसेक्स 619.06 अंक की कमजोरी के साथ 81,947.31 अंक पर खुला। कारोबार की शुरुआत के थोड़ी देर बाद खरीदारी का समर्थन मिलने पर सेंसेक्स की स्थिति में सुधार नजर आया, लेकिन दोपहर 11 बजे के बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बना। इसके कारण सेंसेक्स 625.34 अंक गिरकर 81,941.03 अंक तक पहुंच गया। दोपहर 1:30 बजे के करीब फिर से खरीदारी का जोर बना, जिससे सेंसेक्स निचले स्तर से लगभग 500 अंक की रिकवरी कर 82,430.82 अंक के स्तर तक पहुंचा। अंततः, सेंसेक्स 296.59 अंक गिरकर 82,269.78 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एनएसई के निफ्टी ने भी 171.35 अंक की कमजोरी के साथ 25,247.55 अंक का स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद दिन भर लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान होने के चलते निफ्टी में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बिकवाली के दबाव में निफ्टी 205.25 अंक लुढ़क कर 25,213.65 अंक तक गिरा, लेकिन खरीदारी के समर्थन से 150 अंक की रिकवरी करते हुए 25,370.70 अंक तक पहुंच गया। अंत में, निफ्टी 98.25 अंक की कमजोरी के साथ 25,320.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर की खरीद-बिक्री के बाद दिग्गज शेयरों में से नेस्ले 3.46 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 2.41 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 2.35 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.40 प्रतिशत और आईटीसी 1.11 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स में शामिल हुए। वहीं, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 6 प्रतिशत, टाटा स्टील 4.54 प्रतिशत, कोल इंडिया 3.29 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.33 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक 2.07 प्रतिशत की कमजोरी के साथ टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *