जकार्ता । इंडोनेशिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शुक्रवार को भारत का अभियान समाप्त हो गया। महिलाओं और पुरुषों के सिंगल्स क्वार्टरफाइनल में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन को सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु को महिला सिंगल्स क्वार्टरफाइनल में चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर चार खिलाड़ी चेन यू फेई ने 42 मिनट चले मुकाबले में 21-13, 21-17 से शिकस्त दी। इस हार के साथ सिंधु टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।
मैच के दूसरे गेम के दौरान सिंधु को आचार संहिता के उल्लंघन पर पहले येलो कार्ड दिखाया गया। इसके कुछ ही अंकों बाद खेल में देरी के कारण अंपायर ने उन्हें रेड कार्ड भी दिखाया, जिसके चलते सिंधु को एक अंक का दंड झेलना पड़ा। इस मुकाबले के बाद चेन यू फेई के खिलाफ सिंधु का हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 6-8 हो गया है। सिंधु की फेई पर आखिरी जीत 2019 में दर्ज की गई थी।
पुरुष सिंगल्स क्वार्टरफाइनल में 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्या सेन को थाईलैंड के युवा खिलाड़ी पनिचाफोन तीरारत्साकुल ने कड़े मुकाबले में 21-18, 22-20 से हराया। यह मैच 46 मिनट तक चला। 21 वर्षीय थाई खिलाड़ी ने इससे पहले प्री-क्वार्टरफाइनल में मलेशिया के 2024 पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ली ज़ी जिया को भी बाहर का रास्ता दिखाया था।
इससे पहले गुरुवार को किदांबी श्रीकांत और अनमोल खरब पुरुष और महिला सिंगल्स में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। वहीं पुरुष डबल्स में हरिहरन अमसकरुनन और एम.आर. अर्जुन की जोड़ी को भी प्री-क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
महिला डबल्स में भारत का कोई प्रतिनिधित्व नहीं था, जबकि दो भारतीय जोड़ियां पहले दौर में ही प्रतियोगिता से बाहर हो चुकी थीं। इस तरह इंडोनेशिया मास्टर्स 2026 में भारत की चुनौती क्वार्टरफाइनल चरण में ही समाप्त हो गई।
