
मुरैना, 18 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह नगर में शनिवार की रात एक किन्नर के घर डकैती की वारदात घटी। इस घटना में 8 से 10 हथियारबंद बदमाश घर में प्रवेश करके, वहां उपस्थित लोगों को बंधक बनाकर लगभग 22 तोला सोना, कैश समेत कुल 30 लाख का सामान लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, आंबा में रहने वाली किन्नर राबिया के घर पर यह घटना रात लगभग 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। राबिया और उसके दो साथी किन्नर इस दौरान घर पर मौजूद थे। बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए और पहले किन्नरों को हथियार के बल पर डरा कर बांध दिया। इसके बाद उन्होंने घर के सभी ताले काटकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली।
इस दौरान बदमाशों ने किन्नरों के शरीर की तलाशी भी ली तथा उनसे जेवर भी निकालवाए। करीब चार किलो चांदी के जेवर और लगभग चार लाख रुपये नकद लूट गए। घटना के बाद अम्बाह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वारदात के समय घर में चार किन्नर मौजूद थे, जिनमें मुखिया राबिया किन्नर, राधिका किन्नर, श्री किन्नर और रिया किन्नर शामिल थे। राबिया ने बताया कि बदमाश सीढ़ी से छत पर चढ़े और फिर गैस कटर से छत का दरवाजा काटा। इसके बाद वे सीधे ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे और तीन चेलों को बंधक बना लिया। किन्नर राधिका को धमकाया गया और फिर राबिया का कमरा खुलवाया।
डकैतों ने कमरे में रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश निकालने के बाद उन्हें भी बंद कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की है। अम्बाह थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि बदमाशों को किन्नरों के घर की पूरी जानकारी थी और इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डावर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में ज्ञात हुआ है कि करीब 8 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।
