Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

कराची के शॉपिंग प्लाजा में भयानक आग, दमकलकर्मी समेत छह लोगों की मौत

कराची, 18 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। पाकिस्तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची में एमए जिन्ना रोड पर गुल शॉपिंग प्लाजा में लगी आग से एक दमकल कर्मचारी समेत छह लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में 30 से अधिक लोग झुलस गए हैं, जिनमें से 11 लोगों की हालत नाजुक बताई गई है। व्यापारियों ने आग बुझाने में कार्रवाई की कमी पर चिंता जताई है।

दरअसल, आग गुल प्लाजा के ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगी थी। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, धुएं से दम घुटने और भगदड़ मचने के कारण पांच लोगों की जान गई है। अब भी इस बात की आशंका है कि इमारत गिर सकती है, क्योंकि आग ने संरचना को नुकसान पहुंचाया है। सिंध के गृहमंत्री ज़ियाउल हसन लांजर ने कहा कि दमकल विभाग के कर्मचारी लगातार 14 गाड़ियों के साथ आग बुझाने में लगे हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में आमिर, आसिफ और फराज के नाम शामिल हैं। झुलसे हुए लोगों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग की तीव्रता लगातार बढ़ रही है और इसके लपटों ने कई अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया है।

कराची व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष तनवीर पास्ता ने बताया कि भयानक आग के कारण इमारत के अंदर 80 से 100 लोगों के फंसे होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने समय पर उचित कदम नहीं उठाए। उन्होंने मुआवजे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। कराची के मेयर बैरिस्टर मुर्तज़ा वहाब ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

सिंध आपातकालीन सेवा के अधिकारी डॉ. आबिद जलालुद्दीन शेख ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए 20 फायर टेंडर और चार स्नोर्कल गाड़ियां तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्लाजा के पीछे का एक हिस्सा भी गिर गया है, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आगे कहा गया कि एसी की दुकानें होने के कारण दमकल कर्मियों को और भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने एमए जिन्ना रोड को अंकलेसरिया चौक और सेंट्रल प्लाजा के बीच यातायात के लिए बंद कर दिया है और ट्रैफिक को तिब्बत चौक से जुबली की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *