
झांसी, 18 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में एक नीले बक्से से उठती दुर्गंध और टपकते पानी की सूचना पर लोडिंग चालक ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने बक्से को खोला, तो उसमें महिला के शव के टुकड़े और जली हुई राख मिली, जिससे सनसनी फैल गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। कहा जा रहा है कि मृतक महिला का नाम प्रीति था, जो रिटायर्ड रेल कर्मी बृजभान की तीसरी पत्नी थी। उसके बारे में बताया जा रहा है कि वह बृजभान पर पैसे देने का दबाव बना रही थी, जिसके फलस्वरूप उसकी हत्या की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद शव को काटकर और जलाकर नीले बक्से में शव के अवशेष रखकर लोडिंग चालक के माध्यम से ठिकाने लगाने का प्रयास किया। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मामले की गहन जांच की पुष्टि की है।
