Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

बड़वाह में ट्रेनी कॉन्स्टेबल की डंपर की चपेट में आने से मौत

बड़वाह, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बड़वाह में ओंकारेश्वर दर्शन के लिए निकले भाई-बहन की यात्रा शनिवार दोपहर को एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। यहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी बहन ऋचा राजोरिया (24) के सिर के ऊपर से डंपर का पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका भाई आशु राजोरिया बाल-बाल बच गया।

हादसा इंदौर–इच्छापुर हाईवे पर बड़वाह के पास दोपहर करीब 1 बजे हुआ। ऋचा इंदौर स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में कॉन्स्टेबल की ट्रेनिंग ले रही थी और उसके भाई आशु इंदौर सेंट्रल जेल में डिप्टी जेलर के पद पर पदस्थ है। दोनों मूल रूप से ग्वालियर के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, भाई-बहन शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुए थे। तभी बड़वाह में पुरानी जनपद कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे ऋचा सड़क पर गिर गई और डंपर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि आशु दूर गिरकर बच गया।

हादसे के बाद आशु बदहवास हो गया और बहन का शव देखकर वह मौके पर ही फूट-फूटकर रोने लगा। परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

घटना की खबर मिलते ही परिजन इंदौर से बड़वाह के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने हादसे में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *