Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में महापौर चुनाव जनवरी के अंत तक संभव

मुंबई, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। महाराष्ट्र के नगर विकास विभाग ने शनिवार को कहा कि राज्य के 29 नगर निगमों में जनवरी के अंत तक या फिर फरवरी महीने के पहले सप्ताह में महापौर चुने जाने की संभावना है। नगर विकास सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि, अभी तक इन नगर निगमों में महापौर पद के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। इस प्रक्रिया के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किस नगर निगम में किस वर्ग का महापौर बनेगा। महापौर पद के आरक्षण के लिए प्रक्रिया लॉटरी सिस्टम के माध्यम से होगी।

नगर विकास सूत्रों ने बताया कि अगले सप्ताह राज्य की 29 नगर निगमों में महापौर पद के आरक्षण के लिए लॉटरी पद्धति से प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस प्रक्रिया के समाप्त होने के दस दिनों के अंदर सभी राजनीतिक दलों को महापौर का चुनाव संपन्न करवाना अनिवार्य रहेगा। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि 29 नगर निगमों में जनवरी अंत तक अथवा फरवरी के पहले सप्ताह में महापौर का चुनाव संपन्न हो जाएगा।

महाराष्ट्र की कुल 29 नगर निगमों में से भाजपा ने 13 नगर निगमों पर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। इनमें इचलकरंजी, पुणे, धुले, पिंपरी-चिंचवाड़, नवी मुंबई, पनवेल, उल्हासनगर, मीरा-भायंदर, नासिक, नागपुर, नांडेड़, सांगली और जालना नगर निगम शामिल हैं। इन सभी नगर निगमों में भाजपा का महापौर बनना तय है। इसी तरह भाजपा मुंबई नगर निगम में भी सहयोगी दल शिवसेना शिंदे समूह के सहयोग से अपना महापौर बनाने की योजना बना रही है, जबकि ठाणे नगर निगम में भाजपा के सहयोग से शिंदे समूह अपना महापौर बनाएगा। अमरावती नगर निगम में भी भाजपा सहयोगी दलों की मदद से अपना महापौर बनाने की प्रक्रिया में है। लेकिन यह सभी चुनाव महापौर पद का आरक्षण घोषित करने के बाद ही संभव होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *