Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

प्रधानमंत्री वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे

नई दिल्ली, 17 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन रेलवे स्टेशन से हावड़ा और कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच चलने वाली देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन आधुनिक इंटीरियर्स और उन्नत सुविधाओं के साथ लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने का प्रयास करेगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री शनिवार दोपहर लगभग 12:45 बजे मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे मालदा में आयोजित कार्यक्रम में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिनमें न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल, न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली, अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बेंगलुरु और अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के परिचालन से लंबी दूरी की किफायती और विश्वसनीय रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री एलएचबी डिब्बों से लैस दो नई ट्रेन सेवाओं राधिकापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस और बालुरघाट-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस को भी रवाना करेंगे। इन सेवाओं से क्षेत्र के छात्रों, युवाओं और आईटी पेशेवरों को बेंगलुरु जैसे प्रमुख रोजगार केंद्र तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय राजमार्ग-31डी के धूपगुड़ी-फलाकाटा खंड को चार लेन में परिवर्तित करने की परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। साथ ही राज्य में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं, जिनमें बालुरघाट-हिली नई रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में आधुनिक माल ढुलाई रखरखाव सुविधा, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रखरखाव सुविधाओं का आधुनिकीकरण शामिल है, का शिलान्यास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री न्यू कूचबिहार-बमनहाट और न्यू कूचबिहार-बॉक्सिरहाट रेल खंडों के विद्युतीकरण कार्य को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे तेज, स्वच्छ और ऊर्जा-कुशल रेल संचालन को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री शनिवार शाम लगभग छह बजे गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित पारंपरिक बोडो सांस्कृतिक आयोजनबागुरुंबा द्वोहू 2026’ में भी भाग लेंगे। इस आयोजन में बोडो समुदाय के 10,000 से अधिक कलाकार एक साथ बागुरुंबा नृत्य प्रस्तुत करेंगे, जिसमें राज्य के 23 जिलों के कलाकार भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *