
रायपुर, 16 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे 53 में आज शुक्रवार सुबह रायपुर जिला के आरंग थाना इलाके के पारागांव में एक हाइवा ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
आरंग थाना से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह आरंग थाना इलाके के पारागांव में प्लेटिना पर पिता-पुत्र समेत 3 लोग एक साथ बाइक से महानदी में मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मूरूम से भरे हाइवा ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार चक्के के नीचे आ गए। भारी वाहन ने उन्हें कुछ दूर तक घसीट लिया। सड़क पर शवों के टुकड़े बिखर गए। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें पिता-पुत्र समेत तीन लोग शामिल हैं।
मृतकों की पहचान, मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष), उसके बेटे तिलक जलक्षत्री (6 साल) और श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक आरंग के बागेश्वर पारा के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाहन चालक मौके से फरार है। पुलिस वाहन को जब्त कर कार्रवाई में जुटी है।
