Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

तातापानी महोत्सव : संध्या प्रस्तुति से पूर्व रामानुजगंज पहुंचे पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक रामविचार नेताम संग मां महामाया के किए दर्शन

बलरामपुर, 14 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मकर संक्रांति पर्व पर तातापानी में आयोजित तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव का आज भव्य शुभारंभ हुआ, वहीं महोत्सव के पहले दिन संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार, पद्मश्री से सम्मानित एवं धरसीवां विधायक अनुज शर्मा संध्या मंचीय प्रस्तुति से पूर्व रामानुजगंज पहुंचे, जहां क्षेत्रीय विधायक रामविचार नेताम के साथ उन्होंने धार्मिक एवं सीमावर्ती क्षेत्रों का भ्रमण किया।

तातापानी महोत्सव के पहले दिन संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रम से पहले पद्मश्री अनुज शर्मा रामानुजगंज पहुंचे। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक रामविचार नेताम मौजूद रहे। रामानुजगंज आगमन पर विधायक नेताम ने उन्हें नगर के आस्था के प्रमुख केंद्र मां महामाया मंदिर ले जाकर विधिवत दर्शन-पूजन कराया। मंदिर परिसर में दोनों नेताओं ने कुछ समय व्यतीत करते हुए क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा की।

इसके पश्चात विधायक रामविचार नेताम ने अनुज शर्मा को रामानुजगंज के सामाजिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के बावजूद रामानुजगंज ने शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधि छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा क्षेत्र (बॉर्डर) पहुंचे, जहां सीमावर्ती इलाके की भौगोलिक स्थिति और महत्व का अवलोकन किया।

रामानुजगंज भ्रमण के दौरान पद्मश्री अनुज शर्मा ने क्षेत्र की स्वच्छता, प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार की खुले शब्दों में प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रामानुजगंज अपनी सादगी, सांस्कृतिक चेतना और आपसी भाईचारे के लिए जाना जाता है। यहां की सकारात्मक ऊर्जा और लोगों का अपनापन मन को छू लेने वाला है।

विधायक रामविचार नेताम ने कहा कि तातापानी महोत्सव जैसे आयोजन न केवल जिले की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करते हैं, बल्कि पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को भी नया मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय तातापानी महोत्सव के पहले दिन संध्या को पद्मश्री अनुज शर्मा की प्रस्तुति दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगी।

गौरतलब है कि तातापानी में आयोजित यह महोत्सव तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोककलाओं का प्रदर्शन और जनभागीदारी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन की संध्या मंचीय प्रस्तुति को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह और उत्सव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *