Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

वन नेशन-वन सब्सक्रिप्शन पोर्टल पर पंजीयन कराने में मप्र देश में सबसे आगे

भोपाल, 14 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्यप्रदेश ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। मप्र केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन‘ के क्रियान्वयन में पूरे देश में सिरमौर बनकर उभरा है। वैश्विक स्तर की शोध पत्रिकाओं (जर्नल्स) और डिजिटल लाइब्रेरी तक विद्यार्थियों की पहुंच बनाने में मध्‍य प्रदेश ने कर्नाटक और राजस्थान जैसे राज्यों को काफी पीछे छोड़ दिया है।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने बुधवार को बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रारंभ किए गए ‘वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन‘ पोर्टल पर पंजीयन कराने में मध्य प्रदेश देश में सबसे आगे है। प्रदेश के कुल 617 उच्च शिक्षण संस्‍थानों ने अब तक पोर्टल पर पंजीयन कराया है। दूसरे नंबर पर कर्नाटक राज्य है, यहां के 480 संस्‍थानों ने पंजीयन कराया है।

मप्र के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने ‘वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन‘ के क्रियान्वयन में देश भर में सर्वश्रेष्ठ स्थान अर्जित करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करने पर उच्च शिक्षा विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मंत्री परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और सतत् नवीन आयाम स्पर्श कर रहा है।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रथम चरण में प्रदेश स्‍तर पर एक नोडल अधिकारी बनाया गया। दूसरे चरण में प्रत्येक उच्चतर शिक्षण संस्थानों में संस्थावार नोडल अधिकारी नामांकित किए गए। इसके बाद तृतीय चरण में संस्था के नोडल अधिकारी द्वारा संस्था के प्राध्‍यापकों एवं संस्था में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को नामांकित करके उनके आईडी एवं पासवर्ड जनरेट कर यूजर्स को उपलब्ध कराया जाता है, फिर यूजर को आईडी पासवर्ड के माध्यम से ‘ओएनओएस‘ पोर्टल पर जाकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद यूजर पोर्टल पर उपलब्ध शोध पत्रों/पुस्तकों को निःशुल्क पढ़ सकता है।

वि‌द्यार्थियों, शोधार्थियों और प्राध्‍यापकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित शोध पत्रि‍काएं जर्नल्स और पुस्‍तकें एक ही जगह पर आसानी से उपलब्‍ध हो सके, इसके लिए शिक्षा मंत्रालय ने “वन नेशन वन सब्‍सक्रिप्‍शन” योजना प्रारंभ की है। इस योजना के माध्‍यम से शिक्षा मंत्रालय द्वारा 30 प्रमुख प्रकाशनों के शोध पत्रों एवं पुस्तकों को ‘वन नेशन-वन सब्‍सक्रिप्‍शन‘ पोर्टल पर आसानी से उपलब्‍ध कराया जा रहा है। पोर्टल पर डिजिटल शिक्षा का उपयोग करने के मामले में मध्‍यप्रदेश देश में सबसे आगे है। अब तक प्रदेश के 617 उच्च शिक्षण संस्‍थानों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है। आज देश में 98,44,813 विद्यार्थियों, शोधार्थियों और प्राध्‍यापकों द्वारा इसका उपयोग किया जा रहा है। इससे राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध संवर्धन और वैश्विक ज्ञान तक समान पहुंच को बढ़ावा मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *