
रायपुर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सोमवार को बालोद जिले के नगर पंचायत मुख्यालय गुण्डरदेही में 233 करोड़ रुपये की लागत से 103 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 163.88 करोड़ रुपये के 61 कार्यों का भूमिपूजन तथा 69.82 करोड़ रुपये के 42 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने गुण्डरदेही में एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए एक करोड़ रुपये और प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों हेतु एक करोड़ रुपये की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे केवल इमारतें नहीं हैं, बल्कि अवसरों के नए द्वार खोलते हैं। उन्होंने बताया कि ₹1 करोड़ की लागत से बनने वाले व्यावसायिक परिसर से युवाओं को स्वरोजगार एवं व्यापार के नए अवसर प्राप्त होंगे। सड़क, पुल एवं अधोसंरचना के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार हर वर्ग के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत हैं। महिलाएं महतारी वंदन योजना के तहत आर्थिक संबल प्राप्त कर रही हैं, तेंदूपत्ता संग्राहकों को उच्चतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है, और आदिवासी श्रमिकों को राहत प्रदान करने के लिए चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं को आत्मबल, राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने इस वर्ष छत्तीसगढ़ की रजत जयंती मनाने का उल्लेख करते हुए रायपुर में डिजिटल आदिवासी संग्रहालय के निर्माण को प्रधानमंत्री की विशेष सौगात बताया, जहां आदिवासी नायकों की गौरवगाथा को संजोया जाएगा।

सांसद भोजराज नाग ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय का स्थानीय व्यापारियों द्वारा लड्डुओं से तौलकर स्वागत किया गया और उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। कलेक्टर सुश्री दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने नगर की विकास आवश्यकताओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल
