Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

इंदौर: भागीरथपुरा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने लगाया मनोचिकित्सकीय परामर्श शिविर

इंदौर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में हालिया जलजनित घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित उपचार के माध्यम से क्षेत्र में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। इसी के तहत सोमवार को “अभियान स्वास्थ्यवर्धन” के नाम से मनोचिकित्सकीय परामर्श शिविर आयोजित किया गया। मन कक्ष दल ने नागरिकों को भय, तनाव और असुरक्षा से बचने के उपाय बताए और मानसिक मजबूती के लिए आवश्यक सलाह भी दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि संपूर्ण स्वास्थ्य की अवधारणा में सभी आयामों का समावेश होता है। इस अभियान का उद्देश्य डायरिया संक्रमण से प्रभावित समुदाय में तनाव और चिंता की स्थितियों को दूर करना है। चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की अपील करते हुए सर्वे दल द्वारा नागरिकों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मनोचिकित्सकीय परामर्श शिविर में 17 पुरुषों और 33 महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई। गोदावरी बाई (परिवर्तित नाम) ने पिछले 15 वर्षों से मानसिक रोग का उपचार कराने की जानकारी दी और उन्हें उपचार के लिए आवश्यक सलाह प्रदान की गई। इसी तरह, गंगाबाई (परिवर्तित नाम) ने क्लॉस्ट्रोफोबिया से पीड़ित होने की बात साझा की। उन्हें आश्वासन देकर उचित उपचार का आश्वासन दिया गया। इस शिविर ने नागरिकों को मानसिक मजबूती के उपाय समझाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *