भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रवीन्द्र भवन में चल रही दो दिवसीय मध्य प्रदेश स्टार्टअप समिट 2026 के दूसरे दिन आज (सोमवार) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट का शुभारंभ करेंगे और प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश बैन के अनुसार शुभारंभ स्टार्टअप पिचिंग सेशन फाइनल्स से होगा, जिसमें चयनित स्टार्टअप्स अपने नवाचार, स्केलेबिलिटी और निवेश संभावनाओं को विशेषज्ञ जूरी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान शासन, निवेशक और स्टार्टअप इकोसिस्टम के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्टार्टअप एवं इनोवेशन प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे, जिसमें प्रदेश के स्टार्टअप्स द्वारा विकसित अत्याधुनिक तकनीकों, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद हंसध्वनि सभागार में आयोजित उद्घाटन सत्र में दीप प्रज्वलन, अतिथियों का अभिनंदन और नीति-केंद्रित संबोधन होंगे। मुख्य सचिव अनुराग जैन तथा विभागीय अधिकारी भी संबोधन देंगे, जबकि अंकित अग्रवाल, संस्थापक एवं सीईओ, इंश्योरेंस और विनीत राय, संस्थापक, आविष्कार ग्रुप द्वारा नोट संबोधन प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर स्टार्टअप अवार्ड समारोह, स्टार्टअप सक्सेस स्टोरीज कम्पेंडियम का विमोचन और एमओयू एक्सचेंज भी किया जाएगा।
समिट के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में स्टार्टअप्स, निवेशकों और इकोसिस्टम पार्टनर्स के साथ एक उच्च-स्तरीय राउंडटेबल बैठक भी होगी। दोपहर में समिट में अनुभव साझा सत्र, महिला उद्यमिता, इन्फ्लुएंसर एवं डिजिटल मार्केटिंग, वैश्विक विस्तार एवं निर्यात अवसर सहित स्टार्टअप ग्रोथ मेट्रिक्स जैसी विभिन्न थीमैटिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
