काजीपेट, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। तेलंगाना के काजीपेट स्थित रेलवे स्टेडियम में रविवार को 58वीं सीनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रमुख राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न कोनों से 1,400 से ज्यादा एथलीट भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह बेहद आकर्षक रहा, जिसमें विभिन्न टीमों की परेड, अनुशासित एनसीसी मार्च-पास्ट और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया।
खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने तेलंगाना खो-खो एसोसिएशन और सभी आयोजन अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा, “इस भव्य आयोजन में इतनी संख्या में प्रतिभागियों को देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। यहाँ देश के हर हिस्से से खिलाड़ी आए हैं। हर खो-खो खिलाड़ी का सपना है कि अपने खेल को नई ऊँचाइयों पर ले जाएं। हमारा लक्ष्य 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों में खो-खो को शामिल कराना है और हम इसे साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
खेल मंत्री वाकिटी श्रीहरि ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा, “यहाँ का माहौल देखकर ऐसा लगता है जैसे मैं दिल्ली में हूं। टीमों की विविधता इस बात का सबूत है कि खो-खो कितना तेजी से प्रगति कर रहा है।” सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा, “खो-खो जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देना आवश्यक है और राज्य सरकार इसे सफल बनाने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करेगी।”
प्रतियोगिता में 26 राज्यों, 6 केंद्र शासित प्रदेशों, 4 संस्थागत इकाइयों और 3 एसोसिएट सदस्य संघों की टीमें भाग ले रही हैं, जो खो-खो के व्यापक जनाधार को दर्शाता है। प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्री-क्वार्टर फाइनल और क्वार्टर फाइनल 14 जनवरी को, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 15 जनवरी को होंगे।
समारोह में केकेएफआई के महासचिव उपकार सिंह विरक, कोषाध्यक्ष गोविंद शर्मा, प्रशासन एवं संगठन अध्यक्ष डॉ. एम.एस. त्यागी, तेलंगाना खो-खो एसोसिएशन के अध्यक्ष जंगा राघव रेड्डी, सचिव एन. कृष्णामूर्ति समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं खेल प्रशासक भी उपस्थित रहे।
