शहर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। यशराज फिल्म्स के तले बनी चर्चित ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी एक बार फिर चर्चा में है। निर्माताओं ने रानी मुखर्जी की अभिनीत ‘मर्दानी 3’ का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसे दर्शकों से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। ट्रेलर में रानी मुखर्जी एक सीनियर पुलिस अधिकारी ‘शिवानी शिवाजी रॉय’ के किरदार में नजर आ रही हैं, जिसने फिल्म के प्रति उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। ट्रेलर की कहानी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से शुरू होती है, जहां 93 लड़कियों का रहस्यमय ढंग से लापता होना हड़कंप मचा देता है। इस गंभीर मामले की जांच की जिम्मेदारी शिवानी शिवाजी रॉय को सौंपी जाती है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, कई चौंकाने वाले खुलासे होते हैं। ट्रेलर में एक्शन, थ्रिल और सस्पेंस का अद्भुत मिश्रण देखने को मिलता है, जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है। अभिराज मिनावाला के निर्देशन में बनी ‘मर्दानी 3’ एक बार फिर समाज के गंभीर मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से पेश करती है। दमदार कहानी, तेज रफ्तार एक्शन और रानी मुखर्जी की सशक्त अदाकारी के साथ यह फिल्म 20 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
