Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

प्रधानमंत्री 15 जनवरी को करेंगे राष्ट्रमंडल देशों की संसद से जुड़े 28वें सम्मेलन का उद्घाटन

नई दिल्ली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। भारतीय संसद 14-16 जनवरी तक नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल के स्पीकरों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन (सीएसपीओसी) की मेज़बानी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 जनवरी को सुबह 10:30 बजे संसद भवन परिसर के संविधान सदन के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में इस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में 9वें जी20 संसदीय अध्यक्षों (पी20) के शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया था, जिसका आयोजन भारत की संसद ने अक्टूबर 2023 में किया था। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस सम्मेलन के अध्यक्ष हैं। ओम बिरला ने सोमवार को प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि भारत 16 वर्षों बाद राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकरों और पीठासीन अधिकारियों के 28वें सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है। 14 जनवरी को 15 देशों की कार्यकारी परिषद की बैठक होगी और 15-16 जनवरी को अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। यह भारत का चौथा अवसर है जब वह सीएसपीओसी की मेज़बानी कर रहा है, पहले यह 1971, 1986 और 2010 में हुआ था। सम्मेलन पूरी तरह वेब आधारित होगा, जिसमें निमंत्रण से लेकर चर्चा सभी एप के माध्यम से की जाएगी।

लोकसभा अध्यक्ष ने यह भी बताया कि बैठक में पाकिस्तान और बांग्लादेश के प्रतिनिधि शामिल नहीं हो रहे हैं। पाकिस्तान ने सम्मिलित होने से मना कर दिया है और बांग्लादेश में फिलहाल कोई निर्वाचित सदन नहीं है।

28वें सीएसपीओसी के अध्यक्ष के रूप में लोकसभा अध्यक्ष 14 जनवरी 2026 को दिल्ली के लाल किला में स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक से पूर्व विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 15 जनवरी को सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, सोशल मीडिया का प्रभाव, नागरिक सहभागिता बढ़ाने की रणनीतियां, सांसदों और संसदीय अधिकारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण जैसे समकालीन विषयों पर कार्यशालाएं होंगी। 16 जनवरी को सम्मेलन के समापन पर सीएसपीओसी की अध्यक्षता अगले देश को सौंप दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि भारत में इस सम्मेलन की मेज़बानी का निर्णय जनवरी 2020 में कनाडा के ओटावा में आयोजित 25वें सम्मेलन के दौरान लिया गया था, जहाँ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *