Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

मप्र के इंदौर में दूषित पानी से एक और बुजुर्ग की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हुई

इंदौर, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के कारण होने वाली मौतों का सिलसिला जारी है। सोमवार को यहां एक और बुजुर्ग की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 23 तक पहुंच गई है। मृतक का नाम भगवानदास (64 वर्ष) है, जिन्हें खराब तबियत के चलते 10 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभ में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें बॉम्बे अस्पताल रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

बॉम्बे अस्पताल के जनरल मैनेजर राहुल पाराशर ने जानकारी दी कि भगवानदास को लाते समय कार्डियक अरेस्ट आया था। उन्हें सीपीआर देकर वेंटिलेटर पर रखा गया था। भगवानदास को गैंग्रीन और मल्टी ऑर्गन्स फेल्यूअर जैसी समस्याएं थीं।

इंदौर में इस घटना के बाद मृतकों की संख्या 23 तक बढ़ गई है। मृतकों में विभिन्न आयु के लोग शामिल हैं, जिनमें उर्मिला यादव (60), नंदलाल पाल (75), अव्यान साहू (5 माह) और अन्य शामिल हैं। इससे पूर्व कमला बाई (59) की भी उपचार के दौरान मृत्यु हुई थी।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में सुधार हेतु कार्यरत हैं। स्थानीय निवासी टैंकरों पर निर्भर हैं और पानी की नियमित आपूर्ति की स्थिति स्पष्ट नहीं है। नगर निगम द्वारा रोजाना पानी की टेस्टिंग और सैंपलिंग की जा रही है।

स्थानीय लोग आरओ, बोरिंग और बोतल के पानी का उपयोग कर रहे हैं, तथा पानी को छानकर और उबालकर इस्तेमाल कर रहे हैं। वर्तमान में भागीरथपुरा में 42 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से 13 की स्थिति गंभीर है और तीन लोग वेंटिलेटर पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *