भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती से लेकर गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 तक ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत ग्राम विकास पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का शुभारंभ आज सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस पर भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य परिषद की नवांकुर संस्थाओं और प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से सरकार के विभिन्न विभागों की दो वर्ष की उपलब्धियों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदेश की सभी ग्राम पंचायियों तक पहुंचाना है, ताकि योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुँच सके। इस अभियान में ग्राम स्तर पर उत्सव, चौपाल, रैली, सामूहिक श्रमदान और परिवार संपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वदेशी एवं स्वावलंबन, जैविक कृषि, गौ-संरक्षण, शिक्षा एवं संस्कार, सामाजिक समरसता, नागरिक सेवा भावना को विकसित करने, तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के विषयों पर बल दिया जाएगा।
अभियान में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् की प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, CMCLDP के छात्र-छात्राओं एवं परामर्शदाताओं, और परिषद से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाओं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। शासन के विभिन्न विभागों का मैदानी अमला भी इसमें भाग लेगा, जिसमें जिला, विकासखंड, सेक्टर और ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 313 ब्लॉकों से परिषद के नेटवर्क से जुड़े 650 युवा शामिल होंगे। इस अवसर पर ‘युवा जन अभियान योजना’ का भी आरंभ होगा, जिसके अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग से एमओयू किया जाएगा ताकि एनएसएस के युवा परिषद के साथ कार्य कर सकें। कार्यक्रम के समापन पर विकसित भारत @ 2047 युवा संकल्प दौड़ को हरी झंडी दिखायी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
