Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

नई दिल्ली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। घरेलू शेयर बाजार में आज सुबह के कारोबारी सत्र में गिरावट का माहौल बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही थोड़ी खरीदारी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी ने हरे निशान में उछाल दिखाई, लेकिन जल्दी ही बिकवाली का दबाव बनने के कारण दोनों सूचकांकों ने फिर से लाल निशान में गोता लगा दिया। सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 0.57 प्रतिशत और निफ्टी 0.49 प्रतिशत गिरकर कारोबार कर रहे थे।

पहले घंटे के कारोबार में एचडीएफसी लाइफ, ट्रेंट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में 1.69 प्रतिशत से लेकर 0.41 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। दूसरी ओर, मैक्स हेल्थकेयर, अपोलो हॉस्पिटल, अदानी पोर्ट्स, एटरनल और लार्सन एंड टूब्रो के शेयरों में 2.02 प्रतिशत से लेकर 1.06 प्रतिशत की गिरावट रही।

अब तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,696 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 595 शेयरों में मुनाफा हासिल हुआ जबकि 2,101 शेयर नुकसान में रहे। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयरों में लिवाली देखने को मिली, जबकि 22 शेयर बिकवाली के दबाव में रहे। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स 140.93 अंक घटकर 83,435.31 अंक पर खुला। बाजार खुलने के तुरंत बाद 83,617.53 अंक तक उछल गया, लेकिन तेजी का यह रुख लंबे समय तक नहीं रहा और बिकवाली के चलते यह 500 अंक से अधिक लुढ़ककर 83,043.45 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद कुछ खरीदारों ने लिवाली शुरू की, जिससे सूचकांक में मामूली सुधार देखा गया। 10:15 बजे सेंसेक्स 476.37 अंक नीचे 83,099.87 अंक पर कारोबार कर रहा था।

एनएसई का निफ्टी भी 14.25 अंक की गिरावट के साथ 25,669.05 अंक से कारोबार शुरू हुआ। खुलने पर कुछ समय के लिए 25,700.95 अंक तक पहुंचा, लेकिन फिर बिकवाली के दबाव के कारण यह लाल निशान में गिर गया। निफ्टी पहले 15 मिनट के कारोबार में ही 150 अंक से अधिक गिरकर 25,529.05 अंक तक चला गया। फिर थोड़ी लिवाली से स्थिति में सुधार देखने को मिला और 10:15 बजे निफ्टी 126.70 अंक की गिरावट के साथ 25,556.60 अंक पर कारोबार कर रहा था।

पिछले सप्ताह शुक्रवार को सेंसेक्स 604.72 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 83,576.24 अंक पर बंद हुआ था, और निफ्टी ने 193.55 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,683.30 अंक पर कारोबार खत्म किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *