भोपाल, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। आज देशभर में महान संत एवं विचारक स्वामी विवेकानंद की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई जा रही है। यह दिन भारतीय युवाओं को आत्मबल और चरित्र का संदेश देता है, इसलिए इसे राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाने की परंपरा है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि उनके विचार आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संदेश में लिखा, “युवाओं के प्रेरणापुंज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन एवं शुभकामनाएं। उन्होंने विश्व कल्याण का मार्गदर्शन किया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान की प्रेरणा दी।” उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने वाला बताया।
मुख्यमंत्री ने अपनी एक अन्य पोस्ट में प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करते हुए कहा कि, “हमारी सरकार सुशासन और स्वराज के लिए प्रतिबद्ध है। हम 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक ‘संकल्प से समाधान’ अभियान चला रहे हैं, ताकि केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों को पहुंचाया जा सके।” इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और शासन को अधिक जनोन्मुखी बनाना है।
