Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

सोरिद वार्ड अटल आवास में सीढ़ी गिरने से महिला और बच्चा घायल

धमतरी, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News
सोरिद वार्ड के डिपो पारा स्थित अटल आवास में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक सीढ़ी ढह गई। इस हादसे में एक महिला एवं एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन तत्काल मौके पर पहुँचीं और स्थिति का जायजा लिया।

सभापति के साथ उपायुक्त पीसी सार्वा, एमआईसी सदस्य निलेश लुनिया, पार्षद अखिलेश सोनकर, प्रांतीय कार्यपालन अभियंता महेंद्र जगत तथा निगम की इंजीनियर नमिता नागवंशी भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों से घटना की विस्तार से जानकारी लेते हुए सभापति ने घायलों को तत्काल राहत एवं हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। घटना के बाद घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सभापति स्वयं जिला अस्पताल पहुँचीं और चिकित्सकों से महिला एवं बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की और भरोसा दिलाया कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

सभापति कौशल्या देवांगन ने बताया कि अटल आवास की जर्जर स्थिति को लेकर पूर्व में भी नगर निगम द्वारा निरीक्षण किया गया था। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को भवन के शेष हिस्सों की सुरक्षा जांच प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। घटना स्थल पर मौजूद नागरिकों ने त्वरित रूप से पहुंचकर राहत व्यवस्था संभालने और संवेदनशीलता दिखाने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *