खरगोन में सड़क किनारे पुलिस आरक्षक का शव मिला, मौत के कारणों की जांच जारी
खरगोन, 31 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में खंडवा रोड स्थित गोपालपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रवि कन्नौजे के रूप में हुई है, जो वर्तमान में डीआरपी लाइन में पदस्थ थे।
प्रारंभिक जांच में अत्यधिक शराब सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरक्षक रवि कन्नौजे शुक्रवार रात से लापता थे। शनिवार सुबह उनका शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही जैतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया है। जैतापुर पुलिस ने बताया कि आरक्षक मूल रूप से बड़वानी जिले के गवाला गांव के निवासी थे। उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और उन्हे...

