Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

पर्यटन पत्रिका कॉन्डे नास्ट ट्रैवलर की सूची में टाेक्याे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर

टोक्यो, 9 अक्टूबर । जापान के टोक्यो शहर को लगातार दूसरे साल दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बड़े शहर का खिताब मिला है। पर्यटन पत्रिका कॉन्डे नास्ट ट्रैवलर के इस साल के रीडर्स चॉइस अवार्ड्स में टाेक्याे काे यह दर्जा दिया गया है।

पत्रिका के सर्वेक्षण में 7,57,109 पाठकों ने वोट डाले। पुरस्कार के दाैरान चुने गए दुनिया के शीर्ष 10 बड़े शहरों की रैंकिंग में काेई भी अमेरिकी शहर शामिल नहीं हैं जबकि जापान के ही क्योटो ने इसमें दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके बाद केप टाउन, सिंगापुर और सियोल का स्थान रहा।

टोक्यो की गवर्नर युरिको कोइके ने एक बयान में इस आशय की घाेषणा की। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि दुनियाभर के लाेग टोक्यो के कई विशेषताओं को तेजी से पहचान रहे हैं। कोइके ने शहर की ऐतिहासिक एवं समकालीन संस्कृति के मिश्रण, एदो काल (1603-1867) के दौरान बनाए गए बगीचों और सुशी रेस्टोरेंट आदि काे इसकी अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का मुख्य कारण बताया।

यह पत्रिका लग्ज़री यात्रा, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य संबंधित विषयों पर जानकारी प्रदान करती है। वर्ल्ड लक्ज़री चैंबर ऑफ कॉमर्स के अनुसार इसके अमेरिकी संस्करण का प्रिंट सर्कुलेशन लगभग 7,20,000 है और इसकी साइट को हर महीने 54 लाख पेज व्यू मिलते हैं। सर्वेक्षण में राजधानी के ओटेमाची ज़िले में स्थित फोर सीज़न्स होटल को जापान का सर्वश्रेष्ठ होटल चुना गया और इसे विश्व स्तर पर 14वां स्थान दिया गया।

कोइके ने कहा कि टोक्यो एक अत्यंत खूबसूरत शहर है जहां परंपरा और नवीनता एक साथ मौजूद हैं। हम इस आकर्षण को और निखारते रहेंगे ताकि हम जापान और विदेशों से और भी ज़्यादा पर्यटकों का स्वागत कर सकें और उन्हें कई खूबसूरत यादें देने में मदद कर सकें।

उल्लेखनीय है कि टोक्यो महानगरीय क्षेत्र दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला महानगरीय क्षेत्र भी है, जिसकी आबादी 3.8 करोड़ से अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *