Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

यूक्रेन ने पुतिन के घर के आसपास दागे थे 91 ड्रोन… मगर US को नहीं मिले हमले के सबूत

मास्को। रूस (Russia) ने बीते सोमवार को यूक्रेन (Ukraine) पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russian President Vladimir Putin) के घर पर हमला करने का आरोप लगाकर सनसनी मचा दी। रूस ने कहा है कि यूक्रेन ने मॉस्को में स्थित पुतिन के आवास पर ताबड़तोड़ 91 ड्रोनों से हमला किया। हालांकि अब एक रिपोर्ट में कहा किया गया है कि अमेरिका (America) को इस हमले का कोई सबूत नहीं मिला। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों को पुतिन या उनके किसी भी घर को निशाना बनाए जाने का कोई निशान नहीं मिला है।


रिपोर्ट के मुताबिक CIA ने रूसी दावों की पुष्टि करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें पुतिन या उनके किसी घर को निशाना बनाने का कोई सुराग नहीं मिला। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अमेरिकी अधिकारियों ने खुफिया जानकारी का विश्लेषण किया था, लेकिन उन्हें पुतिन के जान को कोई खतरा नहीं नजर आया। इससे रूस के दावों को झटका लग सकता है।


रूस का क्या दावा?
इससे पहले रूस ने सोमवार को दावा था किया कि लंबी दूरी के 91 यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित व्लादिमीर पुतिन के स्थायी आवास पर हमला करने का प्रयास किया। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने एक बयान में कहा कि रविवार और सोमवार की रात को हुए इस ड्रोन हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ क्योंकि रूस ने सभी ड्रोनों को मार गिराया गया। इस दौरान रूसी विदेश मंत्री ने चेतावनी दी कि रूस सही समय पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।


ट्रंप हुए नाराज
वहीं रूस के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने एक बयान में कहा था अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यह खबर सुनकर बेहद नाराज हो गए। उन्होंने एक बयान में कहा, “पुतिन ने सोमवार को फोन कॉल के दौरान ट्रंप को राष्ट्रपति आवास पर हुए हमले के बारे में बताया। राष्ट्रपति ट्रंप स्तब्ध थे।” वहीं बुधवार को ट्रंप ने सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क पोस्ट का एक संपादकीय भी साझा किया जिसमें रूस पर यूक्रेन में शांति प्रयासों में बाधा डालने का आरोप लगाया गया था।


यूक्रेन ने खारिज किया दावा
यूक्रेन ने कहा है कि रूस ने कीव और अमेरिका के बीच संबंधों में तनाव पैदा करने के लिए यह दावा किया। यूक्रेन ने इस कथित हमले को पूरी तरह से नकार दिया और इसे शांति वार्ता को कमजोर करने का रूस का नया प्रयास बताया। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने पुतिन के आवास पर कथित हमले के लिए निंदा करने के कारण भारत, यूएई और अन्य देशों की आलोचना भी की है।


इन सब के बीच रूस अपने दावों पर अड़ा हुआ है। बुधवार को रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक वीडियो फुटेज जारी किया है जिसमें कथित तौर पर एक गिराए गए यूक्रेनी ड्रोन का मलबा दिखाया गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह हमला लक्षित, सुनियोजित और चरणबद्ध तरीके से किया गया था और ब्रायन्स्क, स्मोलेंस्क और नोवगोरोड क्षेत्रों में 91 ड्रोन मार गिराए गए। हालांकि इससे आवास को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी फुटेज में बर्फ में पड़े काले ड्रोन का मलबा, उनके लकड़ी के हिस्से और लाल तारों को देखा जा सकता है। दावा किया गया है कि इसमें छह किलो विस्फोटक लदा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *