Tuesday, March 10खबर जो असर करे |
Shadow

जोहरान ममदानी से मिलेंगे डोनाल्ड ट्रंप, खुद किया ऐलान


वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हमेशा चौंकाने वाले फैसले लेते रहे हैं। अब ऐसा ही एक ऐलान करते हुए उन्होंने जानकारी दी है कि शुक्रवार को वह न्यूयॉर्क के नए मेयर चुने गए जोहरान ममदानी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने ममदानी का तीखा विरोध किया था और कहा था कि वह कट्टर वामपंथी हैं, जो अमेरिका के लिए खतरनाक विचारधारा है। अब उन्होंने खुद ही ममदानी से मुलाकात की जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने बुधवार को पोस्ट करके बताया कि शुक्रवार को वह मिलेंगे। राष्ट्रपति ने मेयर चुनाव के दौरान ममदानी के खिलाफ खड़े हुए पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को वोट डालने की अपील की थी। इसके अलावा ममदानी का तीखा विरोध करते हुए कई बयान भी जारी किए थे।

डोनाल्ड ट्रंप ने एक चुभने वाली बात भी अपनी पोस्ट में लिखी है। ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, ‘कम्युनिस्ट मेयर जोहरान ममदानी ने मुलाकात के लिए आग्रह किया था। हमने ओवल ऑफिस में मुलाकात पर सहमति जताई है। यह मीटिंग शुक्रवार 21 नवंबर को होगी।’ जोहरान ममदानी के प्रवक्ता डोरा पेकेक ने कहा कि मेयर और राष्ट्रपति के बीच जनसुरक्षा, आर्थिक सुरक्षा और न्यूयॉर्क के विकास को लेकर चर्चा होगी। इसके अलावा न्यूयॉर्क में अफोर्डेबल सुविधाएं प्रदान करने पर भी फोकस रहेगा।
क्या है जोहरान ममदानी का भारतीय कनेक्शन

जोहरान ममदानी ने इस संबंध में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि मैंने राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि न्यूयॉर्क के लोगों को पर्याप्त सुविधाएं मिलें और वह भी अफोर्डेबल रेट्स पर। इसी के लिए हम बात करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं राष्ट्रपति से यही सवाल करूंगा कि आखिर न्यूयॉर्क के लोगों के साथ खड़ा होने की उनकी बात का क्या अर्थ है। गौरतलब है कि जोहरान ममदानी की मां मीरा नायर भारतीय हैं और इसी के चलते ममदानी के भारतीय कनेक्शन की भी चर्चा होती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *