Sunday, March 8खबर जो असर करे |
Shadow

अपने ही मुल्क में आतंकी हमलों का ढोंग रच रही शरीफ सरकार?

लाहोर। आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान का प्रेम जग जाहिर है। आतंकियों को पालने के लिए पूरी दुनिया में कुख्यात पाकिस्तान को लेकर हाल ही में वहां के एक प्रांत के मुख्यमंत्री ने बड़े खुलासे किए हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी

के मुताबिक पड़ोसी देश पाकिस्तान इस हद तक गिर चुका है कि अपना निजी एजेंडा चलाने के लिए वहां के हुक्मरान खुद के लोगों के खिलाफ ही आतंकी हमले करवा रहे हैं। सोहेल अफरीदी ने सरकार की पोल खोलते हुए कहा कि पाक सरकार खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में नकली आतंकवादी हमले रचती है और इससे सरकार को फायदा भी होता है।

टोलो न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के सबसे अशांत क्षेत्रों में एक खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने कहा है कि शहबाज शरीफ की सरकार बनावटी आतंकवादी हमलों को बढ़ावा दे रही है। अफरीदी ने आरोप लगाया है कि सरकार के कुछ शक्तिशाली गुट अस्थिरता बनाए रखकर फायदा उठाते हैं।

अफरीदी ने कहा, “71 सालों से पाकिस्तान ने खैबर पख्तूनख्वा में कभी शांति नहीं चाही। यह आतंकवाद पूरी तरह से मनगढ़ंत है। वे लोगों की इच्छा के अनुसार नहीं, बल्कि अपने हितों के अनुसार शांति का दुरुपयोग करते हैं।” अफरीदी ने आगे कहा कि हाल ही में शांति के लिए बैठक के लिए आए लोगों के अपहरण से पता चलता है कि पाकिस्तान लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देने के बजाय अपने एजेंडे के मुताबिक आतंकवाद का ढोंग रच रही है।

सोहेल अफरीदी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सीमा से सटे इस प्रांत में लगातार आतंकी हमलों से क्षेत्र दहला हुआ है। पाकिस्तान ने इन हमलों के लिए अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और बार बार जंग उकसाने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ तो हमलों का दोष भारत पर मढ़ते नजर आए। हालांकि भारत ने पाकिस्तान को खुद के गिरेबान में झांकने की नसीहत देते हुए स्पष्ट शब्दों में जवाब दे दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *