Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

MP: विदिशा में कचरे से खाना उठाकर खा रही लड़की का वीडियो वायरल… कांग्रेस ने दागे सवाल

विदिशा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के विदिशा जिले (Vidisha district) से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना का वीडियो वायरल (Video Viral) हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में एक लड़की कचरे के ढेर से खाना निकाल कर खाती नजर आ रही है। हालांकि हम इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करते हैं। ऐसे में जब सरकारें करोड़ों की कल्याणकारी योजनाएं चलाने का दावा करती हैं विदिशा की यह तस्वीर सिस्टम पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। कांग्रेस ने इसको लेकर राज्य सरकार के साथ ही भाजपा को निशाने पर लिया है।


कांग्रेस (Congress) ने इस घटना को लेकर भाजपा, राज्य सरकार और विदिशा से सांसद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) से सवाल दागे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो को लेकर कहा कि यह केवल एक तस्वीर नहीं बल्कि मध्य प्रदेश सरकार की व्यवस्था और शासन की विफलता का प्रतीक है।


जीतू पटवारी ने आगे कहा कि अभी दो दिन पहले ही राहुल गांधी ने मिड डे मील की हैरान कर देने वाली तस्वीर रखी थी जिसमें बच्चों को कागज पर खाना परोसा जा रहा था। उस समय देश स्तब्ध रह गया था। यह संयोग नहीं मध्य प्रदेश सरकार की सच्चाई है। मध्य प्रदेश फिर बीमारू राज्य की श्रेणी में पहुंच रहा है। मध्य प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा जैसे मोर्चों पर पिछड़ रहा है। वहीं सरकार प्रचार पर फोकस कर रही है।


यह वीडियो विदिशा जिला मुख्यालय से कुछ किलोमीटर दूर का बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह तस्वीर पूरे मध्य प्रदेश का आइना है। मध्य प्रदेश में विकास के दावे आसमान छू रहे हैं लेकिन चीख कचरे से रोटी तलाशती भूख की गूंज रही है। विडंबना देखिए यह वही विदिशा है जहां से पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान चुन कर आए हैं। यहां से सत्ता के गलियारों में सुशासन की कहानियां सुनाई जाती हैं लेकिन गरीबी, भूख और बेबसी आम लोगों की तकदीर बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *