Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ की कमाई में आई मामूली बढ़त

वरुण धवन और जाह्नवी कपूर स्टारर फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था, लेकिन रिलीज के बाद यह फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह रोमांटिक कॉमेडी 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार बेहद धीमी रही। शुरुआती दिनों में फिल्म को कमजोर रिस्पॉन्स मिला, लेकिन वीकेंड पर थोड़ी राहत जरूर देखने को मिली, जिसने फिल्म की गिरती कमाई को कुछ हद तक संभाल लिया।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ ने अपने दूसरे रविवार यानी 11वें दिन 3 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, 10वें दिन इसका कलेक्शन 3.25 करोड़ रुपये रहा था। गिरावट के बावजूद फिल्म की कुल बॉक्स ऑफिस कमाई अब 49.60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। यानी 50 करोड़ का आंकड़ा पार करने से यह फिल्म अब बस इंच भर दूर है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले हफ्ते में यह अपना लगभग 60 करोड़ रुपये का बजट निकालने में सफल रहेगी।

शशांक खेतान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर के साथ सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ और मनीष पॉल अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म में रोमांस और कॉमेडी का तड़का जरूर है, लेकिन स्क्रिप्ट की कमजोरी और दर्शकों की ऊंची उम्मीदों के बीच यह फिल्म अपना असर छोड़ने में नाकाम रही है। इस बीच ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा चैप्टर 1’ के जबरदस्त प्रदर्शन के चलते ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ की चमक और भी फीकी पड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *