Friday, October 16खबर जो असर करे |
Shadow

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आसरा’ और ‘करुणा’ अभियान से जुड़ी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रायपुर, 16 अक्टूबर (प्रेस ब्यूरो)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे ‘आसरा’ एवं ‘करुणा’ अभियानों की दिशा में शुक्रवार को एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बेसहारा बच्चों और असहाय वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें संरक्षण, विधिक सहायता तथा पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना, साथ ही आम नागरिकों में इन वर्गों के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता उत्पन्न करना था।

समारोह में उपस्थित बच्चों और युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य‑सम्बंधी दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें नशे के दुष्प्रभावों से बचने, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, उपस्थित जनसमूह को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा सखी वन स्टॉप सेंटर 181 की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं के बारे में अवगत कराया गया।

विवरण के अनुसार, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 संकटग्रस्त, बेघर तथा जरूरतमंद बच्चों को त्वरित सहायता, सुरक्षा और पुनर्स्थापना प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वहीं, सखी वन स्टॉप सेंटर 181 घरेलू हिंसा, शारीरिक उत्पीड़न या अन्य प्रकार की उत्पीड़न का शिकार महिलाओं को परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहायता तथा आवश्यक कानूनी सहायता प्रदान करता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे जरूरतमंद बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता रखें, उनके अधिकारों का सम्मान करें और आपातकालीन स्थिति में उचित विभागों एवं सहायता सेवाओं की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएँ। इस पहल के माध्यम से कमजोर वर्गों को विधिक सहायता और उपलब्ध संरक्षण सेवाओं से जोड़ा जाएगा, जिससे उनका जीवन सुरक्षित व सम्मानजनक बना रहे।

इस अवसर पर चाइल्ड हेलपलाइन 1098 की केसवर्कर स्तुति राजवाड़े, जिला बाल संरक्षण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा कुमार चंद्राकर, आउटरीच वर्कर महेश पटेल, तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे और कार्यक्रम की सफलता में अपना सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *