नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेहमान टीम को पहली पारी में 248 रन पर रोक दिया। भारत ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 518 रन बनाकर घोषित की थी। इस तरह वेस्टइंडीज अब भी 270 रन पीछे रह गई और फॉलोऑन से नहीं बच सकी। कप्तान शुभमन गिल ने विपक्षी टीम को फॉलोऑन देने का निर्णय लिया।
रविवार सुबह वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 140 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन शुरुआत में ही शाई होप को कुलदीप यादव ने बोल्ड कर बड़ा झटका दिया। होप ने 57 गेंदों में 36 रन बनाए। इसके बाद कुलदीप ने तेविन इमलाच (21) और जस्टिन ग्रीव्स (17) को भी पवेलियन भेज दिया।

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने जोमेल वारिकन को मात्र 1 रन पर बोल्ड किया, जबकि लंच के बाद जसप्रीत बुमराह ने खेरी पियरे (23) को आउट किया। अंत में कुलदीप यादव ने जेडन सील्स को पवेलियन भेजकर वेस्टइंडीज की पारी 248 रन पर समाप्त कर दी। कुलदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए।
भारत की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने 175 रन की लाजवाब पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रन बनाए। इनके अलावा साई सुदर्शन (87), ध्रुव जुरेल (44), नीतीश कुमार रेड्डी (43) और केएल राहुल (38) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
वेस्टइंडीज की ओर से पहली पारी में जोमेल वारिकन ने 3 विकेट और रॉस्टन चेज ने 1 विकेट लिया।
दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत पहले ही 1-0 से आगे है और इस मैच में भी मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है।
