Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

दिल्ली हाफ मैराथन 2025: केन्या का जलवा, मटाटा और रेंगेरुक बने चैंपियन — भारतीयों में अभिषेक पाल और सीमा शीर्ष पर

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
दिल्ली में आयोजित 20वीं वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में केन्याई धावकों ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया। पुरुष वर्ग में एलेक्स नजियोका मटाटा और महिला वर्ग में लिलियन कसाइट रेंगेरुक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। यह दूसरी बार है जब इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दोनों वर्गों में केन्या ने जीत दर्ज की है।

पिछले साल उपविजेता रहे मटाटा ने इस बार शानदार वापसी करते हुए शुरुआत से ही तेज गति बनाए रखी। उन्होंने 10 किमी चरण 28:43 मिनट में पूरा किया और फिर बढ़त कायम रखते हुए 59:50 मिनट में फिनिश लाइन पार की। यह उनका इस साल का पांचवां हाफ मैराथन खिताब है। इथियोपिया के बायेलिग्न तेशागर (1:00:22) दूसरे और केन्या के जेम्स किपकोगेई (1:00:25) तीसरे स्थान पर रहे।

मटाटा ने रेस के बाद कहा कि पिछले साल दूसरा स्थान मिला था, इसलिए इस बार जीतना ही लक्ष्य था। मौसम और कोर्स की जानकारी ने मदद की।

महिला वर्ग में लिलियन रेंगेरुक ने आखिरी क्षणों में जोरदार स्प्रिंट लगाकर रोमांचक अंदाज में जीत हासिल की। उन्होंने 1:07:20 समय में रेस पूरी की, जो इथियोपिया की मेलाल बिरातु (1:07:21) से मात्र एक सेकंड तेज थी। मुलात टेक्ले तीसरे स्थान पर रहीं। रेंगेरुक ने कहा, “रेस चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन मैंने अपनी रणनीति पर टिके रहकर आखिर में पूरा दम लगा दिया। यह जीत मेरे लिए खास है क्योंकि मैं चोट के बाद लौटी हूं।”

विजेताओं को कुल 2,60,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि में से 27,000 अमेरिकी डॉलर प्रदान किए गए।

भारतीय एलीट वर्ग में पुरुषों में अभिषेक पाल ने 1:04:17 समय में रेस पूरी करते हुए तीसरी बार दिल्ली हाफ मैराथन का खिताब जीता। महिला वर्ग में सीमा ने अपने डेब्यू रन में ही 1:11:23 का समय निकालकर सबको चौंका दिया। दोनों को 4-4 लाख रुपये का पुरस्कार मिला।

अभिषेक ने कहा, “शुरुआत से ही बढ़त बनाकर रखी। अब लक्ष्य टाइमिंग सुधारने पर है।” सीमा ने कहा, “थोड़ा रिकॉर्ड से पीछे रही, लेकिन शुरुआत शानदार रही। अगली बार और बेहतर करने की कोशिश करूंगी।”

भारतीय वर्ग परिणाम:
पुरुष: 1. अभिषेक पाल (1:04:17), 2. किरण मात्रे (1:04:57), 3. मोहम्मद अलीम (1:05:20)
महिला: 1. सीमा (1:11:23), 2. उजाला (1:15:41), 3. संजीवनी जाधव (1:15:52)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *