Monday, October 5खबर जो असर करे |
Shadow

सागर में अग्निवीर भर्ती रैली: 540 अभ्यर्थियों ने पास की 1.6 किमी दौड़, तीन विशेष ट्रेनें चल रहीं

सागर। सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के तत्वावधान में इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में चल रही वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली के पांचवें दिन सोमवार को युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। 01 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही भर्ती प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

रैली के पांचवें दिन कुल 851 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कड़ी शारीरिक प्रतिस्पर्धा के बीच 540 अभ्यर्थियों ने 1.6 किलोमीटर की दौड़ सफलतापूर्वक पूरी की और भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का अब बायोमेट्रिक सत्यापन और दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच की जा रही है। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, शारीरिक मापदंड और विस्तृत मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरना होगा।

अभ्यर्थियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था

भर्ती रैली में शामिल होने के लिए सागर पहुंचे युवाओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। होटल पैराडाइज के पीछे स्थित शिव पार्वती मैरिज गार्डन में अभ्यर्थियों के ठहरने के साथ भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

आवागमन के लिए तीन विशेष ट्रेनें

अभ्यर्थियों की वापसी यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे द्वारा तीन विशेष ‘आर्मी भर्ती स्पेशल ट्रेनें’ संचालित की जा रही हैं। इनकी समय-सारणी इस प्रकार है—

  • ट्रेन क्रमांक 01711 : मकरोनिया से मुरैना, शाम 6:00 बजे।
  • ट्रेन क्रमांक 01832 : मकरोनिया से मुरैना, तड़के 2:15 बजे।
  • ट्रेन क्रमांक 01834 : मकरोनिया से भिंड, सुबह 3:15 बजे।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी वापसी यात्रा की योजना इन विशेष ट्रेनों की समय-सारणी को ध्यान में रखते हुए बनाएं।

पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर

सागर जिला प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के संयुक्त मार्गदर्शन में भर्ती प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों और अनधिकृत लोगों से सावधान रहने की सलाह दी है।

भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन पूरी तरह निष्पक्ष और योग्यता के आधार पर होता है। भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की दलाली या अनुचित साधनों की कोई भूमिका नहीं है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल के झांसे में न आएं और भर्ती से संबंधित किसी भी प्रक्रिया के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *