मुंबई। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बाद विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को मुंबई के शिवाजी पार्क के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर अधिवक्ता सिद्धी देवलेकर ने अभिजीत दीपके समेत पार्टी के संस्थापकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भीड़ जुटाकर इलाके में शांति भंग करने की कोशिश की गई। वहीं, प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के प्रवक्ताओं ने चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ अपनी मांगें उठाईं।
प्रदर्शन से स्थानीय लोगों को परेशानी का आरोप
अधिवक्ता सिद्धी देवलेकर ने अपनी शिकायत में कहा कि शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन को लेकर पहले से कानूनी प्रतिबंधों का हवाला दिया जाता रहा है। उन्होंने 2013 में बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां विरोध प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, इसी आधार पर मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी।
देवलेकर का आरोप है कि इसके बावजूद सीजेपी के समर्थकों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रदर्शन किया, जिससे स्थानीय निवासियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन इसके लिए उचित स्थान का चयन भी जरूरी है। प्रदर्शनकारी मुंबई के आजाद मैदान या दिल्ली के जंतर-मंतर जैसे निर्धारित स्थानों पर अपनी बात रख सकते थे।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
अधिवक्ता ने सवाल उठाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर शिवाजी पार्क में प्रदर्शन करने की क्या जरूरत थी। उनके अनुसार, इससे स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानी हुई।
देवलेकर ने कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस के सामने अपनी शिकायत रखी है। उनके मुताबिक, पुलिस ने शिकायत सुनी और कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक केवल सुरक्षित महसूस करना चाहते हैं और सार्वजनिक प्रदर्शनों के दौरान उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान
इस बीच, सीजेपी के प्रवक्ता अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन आगे बढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से पार्टी के समर्थक 10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के बाद शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दीपके ने कहा कि पूरे भारत से पार्टी के समर्थक दिल्ली आएंगे और अपनी मांग उठाएंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, तो वे जहां रोके जाएंगे, वहीं प्रदर्शन करेंगे। इस घोषणा के बाद आंदोलन को दिल्ली तक ले जाने की तैयारी की बात सामने आई है।
फिलहाल शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन को लेकर अधिवक्ता की शिकायत और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
