Saturday, October 3खबर जो असर करे |
Shadow

एशियन गेम्स 2026: भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला आज…. मैच से दूर रहेंगे नकवी

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026 ) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच मेन्स क्रिकेट प्रतियोगिता (Men’s cricket tournament) का फाइनल 3 अक्टूबर (शनिवार) को होना है. यह गोल्ड मेडल मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में सुबह 10 से निर्धारित है. इस मुकाबले की शुरुआत से सभी की नजरें इस बात पर टिकी थीं कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष के तौर पर मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) फाइनल में मौजूद रहेंगे या नहीं. इसकी एक वजह हाल के भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबलों में ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर हुई घटनाएं हैं. हालांकि इसे लेकर सस्पेंस खत्म हो चुका है. फाइनल में एसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख नकवी का साया नहीं होगा।


एसीसी ने बताया कि मोहसिन नकवी पहले से तय प्रतिबद्धताओं के कारण एशियन गेम्स के फाइनल डे में शामिल नहीं हो पाएंगे. उन्होंने गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में उतरने वाली चारों टीमों को शुभकामनाएं दी हैं. नकवी ने भी कहा है कि उनकी पूर्व निर्धारित व्यस्तताएं उन्हें नागोया से दूर रखेंगी, हालांकि वह मुकाबलों के एक्शन का इंतजार कर रहे हैं।


मेन्स एशिया कप 2025 और विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय टीम्स की खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी प्रेजेंशन को लेकर विवाद हुआ था. भारतीय टीम्स ने मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेना स्वीकार नहीं किया था. उन दोनों टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने बगैर ट्रॉफी के ही जश्न मनाया. ऐसे में एशियन गेम्स के फाइनल में उनकी संभावित मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठ रहे थे. अब एसीसी की ओर से उनकी गैरमौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है. यानी आज भारत-पाकिस्तान के गोल्ड मेडल मैच में नकवी स्टेडियम में मौजूद नहीं होंगे।


सेमीफाइनल में पस्त हो गया था श्रीलंका
भारत और पाकिस्तान दोनों को टूर्नामेंट में आईसीसी रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली थी. बारिश के कारण दोनों के क्वार्टर फाइनल मुकाबले रद्द हो गए और बेहतर सीडिंग के कारण दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं. भारत का सेमीफाइनल श्रीलंका के खिलाफ हुआ. भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 169/7 का स्कोर बनाया. ईशान किशन ने 4 चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 80 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 38 रन बनाकर तेज शुरुआत दी. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका की पारी को सिर्फ 45 रनों पर समेट दिया और भारत ने 124 रन से मुकाबला जीत लिया।


उधर पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तानी टीम का सामना बांग्लादेश से हुआ था. बारिश के कारण मुकाबला वो 13-13 ओवर्स का कर दिया गया. बांग्लादेश ने 111/7 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 6 विकेट से लक्ष्य हासिल कर लिया. अब दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने हैं।


भारत एशियन गेम्स में मेन्स क्रिकेट का डिफेंडिंग चैंपियन है. टीम ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था. अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम के पास लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने का मौका है. यह मुकाबला इसलिए भी खास है क्योंकि एशियन गेम्समें पहली बार मेन्स क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं. इससे पहले एशियन गेम्स में दोनों की भिड़ंत नहीं हुई थी. भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. उधर पाकिस्तान की कमान साहिबजादा फरहान के हाथों में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *