Tuesday, September 29खबर जो असर करे |
Shadow

पाकिस्तानः इमरान खान की रिहाई के लिए शहबाज सरकार के ‘ऑफर’ पर बेटे कासिम का बड़ा इशारा?

इस्लामाबाद। जेल की दीवारों के पीछे बंद इमरान खान (Imran Khan) की रिहाई को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम खान (Son Qasim Khan) ने एक इंटरव्यू में कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Prime Minister Shehbaz Sharif) की सरकार ने उनके पिता को केस निपटाने और जेल से रिहा करने का ऑफर दिया होगा। कासिम ने कहा कि उन्हें अपने पिता को दोबारा देखने की कल्पना भी मुश्किल लगती है। उन्होंने कहा कि वह कुछ भी करने को तैयार हैं, जिससे उनके पिता जेल से बाहर आ सकें।


कासिम चाहते हैं कि उनके पिता सरकार के साथ डील कर लें। हालांकि अभी साफ नहीं है कि सरकार ने वाकई कोई डील ऑफर की है या नहीं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने इस पर तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।


कासिम ने क्या बताया?
कासिम ने कहा कि मेरी बात मानें तो मैं चाहूंगा कि पिता यह डील स्वीकार कर लें। साथ ही उन्होंने माना कि उन्हें जमीन पर क्या हो रहा है, इसकी पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने सात महीने से ज्यादा समय से अपने पिता से बात भी नहीं की है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं है कि उनके पिता डील पर हां कहेंगे। वजह यह है कि जेल में और भी कई राजनीतिक कैदी हैं, जिनमें उनके परिवार के कुछ सदस्य भी शामिल हैं।


कासिम ने कहा कि मैं उनसे बात करना चाहता हूं। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि हम उनसे बात कर सकें, लेकिन कई आदेशों का पालन नहीं हुआ। वे बहुत मजबूत इरादे वाले इंसान हैं। वे जानते हैं कि और भी राजनीतिक कैदी हैं। अब परिवार के कुछ लोग भी जेल में हैं, इसलिए उनके लिए हां कहना मुश्किल है।


रिहाई को लेकर होना था विरोध-प्रदर्शन
हाल के महीनों में इमरान खान की सेहत खराब बताई जा रही है। एक आंख की रोशनी भी काफी कम हो गई है। उन्हें कई बार मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भी ले जाया गया। इस बीच इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने देशभर में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी। बताया जाता है कि बातचीत की संभावना के चलते इसे टाल दिया गया।


बता दें कि इमरान खान भ्रष्टाचार के मामलों में जेल में हैं। इनमें पिछले साल सुनाई गई 14 साल की सजा भी शामिल है। उनके परिवार और वकीलों का आरोप है कि जेल में उन्हें खराब हालत में रखा गया है। उनका कहना है कि वे दिन में 23 घंटे छोटी कोठरी में बिना रोशनी और दूसरे कैदियों से दूर रहते हैं। हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने इन आरोपों से इनकार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *