भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह में एलएनसीटी समूह (एस.के. समूह) के डायरेक्टर सुप्रभात चौकसे और डॉ. संध्या चौकसे को उनके योगदान के लिए प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ शिक्षाविद, उद्योगपति और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा और नगर विकास के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाली प्रतिभाओं के कार्यों को रेखांकित करना था। सम्मान प्राप्त करने वाले सुप्रभात चौकसे एलएनसीटी समूह के निदेशक के रूप में शिक्षा और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
सम्मान के बाद सुप्रभात चौकसे ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ उस विरासत का भी सम्मान है, जिसे स्वर्गीय सुरेश कुमार चौकसे ने स्थापित किया था। उन्होंने कहा कि एलएनसीटी समूह शिक्षा और समाज निर्माण की जिस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, यह सम्मान उस दिशा में प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
वहीं, डॉ. संध्या चौकसे होम्योपैथिक चिकित्सक हैं और प्रथम होम्योपैथिक क्लिनिक एंड रिसर्च सेंटर का संचालन करती हैं। वह प्रतिभा फाउंडेशन नामक स्वयंसेवी संस्था की संचालिका भी हैं। स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में उनका योगदान रहा है। विशेष रूप से इंदौर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, बागली और सीहोर में उनके कार्यों का उल्लेख किया गया।
डॉ. संध्या चौकसे ने कहा कि प्रतिभा सम्मान उनके लिए समाजसेवा के क्षेत्र में आगे काम करने की प्रेरणा है। स्वास्थ्य और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस तरह की मान्यता मिलना उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और उनकी संस्था को अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
एलएनसीटी समूह स्वर्गीय सुरेश कुमार चौकसे की विरासत से जुड़ा है। शिक्षा के विस्तार और शहर के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया जाता है। इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए सुप्रभात चौकसे और डॉ. संध्या चौकसे शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
