Saturday, September 26खबर जो असर करे |
Shadow

अडोबी प्रीमियर अब एंड्रॉयड पर उपलब्ध, मोबाइल से मुफ्त में करें प्रोफेशनल वीडियो एडिटिंग

नई दिल्ली। अडोबी ने प्रीमियर मोबाइल ऐप को एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए भी उपलब्ध करा दिया है। कंपनी के अनुसार, इस ऐप के जरिए क्रिएटर्स स्मार्टफोन पर ही तेज, आसान और प्रोफेशनल स्तर की वीडियो एडिटिंग कर सकेंगे। ऐप को मुफ्त में उपलब्ध कराया गया है और इसमें सोशल मीडिया के लिए उच्च गुणवत्ता वाला वीडियो कंटेंट तैयार करने के लिए कई एडिटिंग टूल दिए गए हैं।

अडोबी की प्रोडक्ट मार्केटिंग, प्रीमियर मोबाइल की निदेशक दीक्षा कुहार ने कहा कि भारत में 95 प्रतिशत क्रिएटर मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में स्मार्टफोन नई पीढ़ी के क्रिएटर्स के लिए स्टूडियो की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईओएस पर प्रीमियर मोबाइल को मिले उत्साहजनक अनुभव के बाद अब इसे एंड्रॉयड डिवाइस पर भी उपलब्ध कराया गया है। इससे भारत में लाखों क्रिएटर्स अडोबी के प्रोफेशनल स्तर के वीडियो टूल्स का मुफ्त में इस्तेमाल कर सकेंगे।

एक ही जगह वीडियो, ऑडियो और इफेक्ट्स की एडिटिंग

प्रीमियर मोबाइल में मल्टी-ट्रैक टाइमलाइन दी गई है, जिससे वीडियो, म्यूजिक, वॉयसओवर, टेक्स्ट और इफेक्ट्स को एक ही व्यू में अलग-अलग लेयर पर एडिट किया जा सकता है। फ्रेम एक्युरेट एडिटिंग की सुविधा से वीडियो के हर कट को सटीक तरीके से ट्रिम किया जा सकता है। इससे रिएक्शन की टाइमिंग, म्यूजिक की बीट के साथ कट मिलाने या किसी क्लिप को सही क्षण पर रोकने जैसे काम आसानी से किए जा सकते हैं।

ऐप में एन्हांस ऑडियो फीचर भी दिया गया है। इसके जरिए बैकग्राउंड नॉइज को कम कर इंटरव्यू, वॉयसओवर और अन्य रिकॉर्डिंग की आवाज को अधिक स्पष्ट किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि मोबाइल पर शूटिंग के दौरान आसपास की आवाजों पर नियंत्रण नहीं होने की स्थिति में यह फीचर क्रिएटर्स के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

4के वीडियो तक एडिट और एक्सपोर्ट

प्रीमियर मोबाइल में क्रिएटर-मेड टेंपलेट्स के जरिए एडिटिंग शुरू करने की सुविधा है। उपयोगकर्ता अपनी जरूरत के अनुसार टेंपलेट को कस्टमाइज भी कर सकते हैं। इसके अलावा अडोबी स्टॉक, अपनी फाइल या एक्सट्रैक्ट किए गए ऑडियो से इफेक्ट, ट्रांजिशन, क्रिएटिव एसेट और म्यूजिक जोड़ा जा सकता है।

ऐप में 4के गुणवत्ता तक के वीडियो को एडिट और एक्सपोर्ट करने की सुविधा दी गई है। कंपनी के अनुसार, इसमें जबरन लॉगइन या अपग्रेड के लिए बार-बार आने वाले प्रॉम्प्ट्स नहीं होंगे। साथ ही विज्ञापन, वॉटरमार्क और अन्य अनावश्यक व्यवधानों से मुक्त एडिटिंग अनुभव उपलब्ध कराया गया है।

प्रीमियर मोबाइल में फायरफ्लाई आधारित जनरेटिव एआई सुविधाएं भी शामिल हैं। इनमें जनरेटिव फिल, इमेज-टू-वीडियो और जनरेट साउंड इफेक्ट्स जैसे फीचर शामिल हैं। इनके जरिए क्रिएटर्स अपने वीडियो के लिए नए एसेट तैयार कर सकते हैं।

आगे और फीचर जुड़ेंगे

कंपनी के मुताबिक, प्रीमियर मोबाइल में आने वाले समय में कई और फीचर जोड़े जाएंगे। इनमें प्रीमियर डेस्कटॉप से अडोबी फॉन्ट्स, बेहतर कैप्शन, कीफ्रेम, क्रॉपिंग, बीट डिटेक्शन और लगातार एडिटिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

मुफ्त मोबाइल ऐप में वीडियो एडिटिंग के जरूरी फीचर उपलब्ध हैं। इसके अलावा अतिरिक्त जनरेटिव क्रेडिट और स्टोरेज की जरूरत वाले उपयोगकर्ताओं के लिए अपग्रेड विकल्प भी उपलब्ध होंगे।

क्रिएटर्स के अनुभव से मिली दिशा

अडोबी के अनुसार, एंड्रॉयड के लिए प्रीमियर तैयार करते समय क्रिएटर्स के फीडबैक और सुझावों को ध्यान में रखा गया है। कंपनी का कहना है कि मोबाइल पर पेशेवर स्तर की एडिटिंग को आसान बनाने के उद्देश्य से ऐप को विकसित किया गया है।

क्रिएटर अधिराज सिंह आनंद ने बताया कि उनकी अधिकांश शूटिंग ऐसी जगहों पर होती है, जहां आसपास की आवाज पर नियंत्रण नहीं रहता। उनके अनुसार, एन्हांस ऑडियो फीचर शूटिंग के बाद आवाज को साफ करने में मदद करता है और इससे शूटिंग के दौरान क्रिएटिव काम पर अधिक ध्यान दिया जा सकता है।

क्रिएटर मोहनराज थंगराज ने कहा कि एंड्रॉयड पर प्रीमियर मोबाइल यात्रा के दौरान कंटेंट तैयार करने में उपयोगी है। उन्होंने बताया कि ट्रैवलिंग के समय लैपटॉप साथ नहीं होता और कई बार सड़क पर खड़े होकर भी एडिटिंग करनी पड़ती है। उनके मुताबिक, वह ड्रोन फुटेज, कैमरा फुटेज और मोबाइल क्लिप्स को इंस्टाग्राम और यूट्यूब के लिए शॉर्ट-फॉर्म वर्टिकल वीडियो में बदलने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं।

एंड्रॉयड 13 और उससे ऊपर के वर्जन पर चलेगा

अडोबी प्रीमियर मोबाइल एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। कंपनी के अनुसार, इसे चलाने के लिए एंड्रॉयड 13 या इसके बाद का वर्जन जरूरी है। ऐप के लिए कम से कम 5 जीबी रैम की आवश्यकता होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *