मंदसौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मंदसौर जिले (Mandsaur district) के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा डांगी (Village Barkheda Dangi) में गुरुवार को एक बड़ा हंगामा देखने को मिला। अपने बेटे की गुमशुदगी से परेशान एक पिता न्याय की गुहार लगाते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। गनीमत यह रही कि पुलिस कें आश्वासन के बाद आखिरकार युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
ग्राम बरखेड़ा डांगी निवासी मोहनलाल (उम्र करीब 50 वर्ष), जिनके 22 वर्षीय बेटा सुखदेव लगभग पिछले 6 दिनों (17 सितम्बर 2026) से लापता हैं। परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा करीब एक महीने से लापता है लेकिन नाहरगढ़ की पुलिस प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने से आहत होकर पिता को यह कदम उठाना पड़ा। सूचना मिलते ही नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाइश का दौर चला।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि सुखदेव के लापता होने के बाद वे कुछ दिन पहले नाहरगढ़ थाने भी गए थे, जहां पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें वापस भेज दिया था। इसके बाद न्याय की उम्मीद में परिजन 2-3 बार जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के भी चक्कर काट चुके हैं, लेकिन जब कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा, तो प्रशासनिक तंत्र से निराश होकर पिता मोहनलाल टावर पर जा चढ़े।
पुलिस कें आश्वासन के बाद पिता टावर से नीचे उतर आए, जिससे प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस लापता युवक सुखदेव की तलाश में फिर से सक्रिय हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
