सतना। पौराणिक स्थल चित्रकूट (Chitrakoot) में मंदाकिनी नदी (Mandakini River) में आई जबरदस्त बाढ़ ने जमकर कहर बरपाया। बाढ़ में कई मकान और आश्रम डूब गए। बाढ़ का असर सबसे ज्यादा चित्रकूट धाम (Chitrakoot Dham) के किनारे बसे घरों और दुकानों पर हुआ। यूपी और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) का इलाका भी बाढ़ से प्रभावित हुआ। नौबत ये हुई कि रेस्क्यू के लिए सेना को बुलाना पड़ा। हेलीकॉप्टर के जरिए सेना ने शनिवार की देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर 800 लोगों को बचाया है। इस प्राकृतिक आपदा के चलते मप्र के चित्रकूट क्षेत्र में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश के इलाके में बाढ़ की सूचना पर मुख्यमंत्री खुद हालात का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। हालांकि अब मंदाकिनी नदी का पानी में उतर चुका है। जिसके चलते चारों तरफ कीचड़ ही कीचड़ व्याप्त हो गया है। डीएम पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह अपनी अपनी पूरी टीम के साथ लगातार बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में बने रहे। उन्होंने लोगों को सुरक्षित रहने का एक तरफ निर्देश दिया तो दूसरी तरफ खाने के पैकेट पीने के लिए पानी की व्यवस्था स्वयं नांव से जा करके उपलब्ध कराई।
बताते हैं कि शिवहरे धर्मशाला में चर्तुमाशा बिताने के लिए बिहार के अरवल जिले के सुनैनी निवासी कमला शरण करीब 50 लोगों के साथ ठहरे हुए थे। कमला शरण बाढ़ के दौरान फंस गए और उनकी मौत हो गई। इसी तरह रामधाम में बुजुर्ग संत बाढ़ के दौरान कमरे में थे। अचानक पानी भर जाने के बाद वह बाहर निकले और उनकी डूबने से मौत हो गई। नयागांव के खटकाना मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला की भी बाढ़ के दौरान घर में पानी भर जाने से मौत हो गई। बाढ़ का पानी उतरने के बाद सभी शव बरामद किए गए।
लाल निशान से नीचे पहुंची मंदाकिनी
एक दिन पूर्व रामघाट, भरतघाट और नयागांव आदि इलाकों में तबाही मचाने के बाद रविवार को मंदाकिनी की धारा कुछ शांत हुई। नदी की धारा लाल निशान से पहुंचने से राहत मिली है। अभी भी गलियां और सड़कें मलबे से पटी हैं। सैकड़ों की संख्या में बिजली के खंभे और तार टूटे पड़े हैं। तेज बहाव के साथ जलभराव से करीब चार सौ घरों की दीवारें दरक गई हैं। राजापुर इलाके में तिरहार क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांव अभी भी बाढ़ के पानी से घिरे हैं। तिरहार के मुख्य मार्ग पर जलभराव से आवागमन बंद है।
आधी रात तक सेना ने किया रेस्क्यू
मंदाकिनी नदी में आई प्रलयकारी बाढ़ की चपेट में आने वाले लोगों को शनिवार आधी रात तक रेस्क्यू किया गया। करीब आठ सौ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य में सेना भी हेलीकॉप्टर से जुटी रही। यूपी-एमपी की एनडीआरएफ, एसडीआरएफ टीमें भी तैनात रहीं। बाढ़ के तेज बहाव वे मुख्यालय कर्वी का मंदाकिनी पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे वाहनों का आवागमन रोका गया है। यही नहीं, हनुमान धारा मार्ग पर बना नयागांव पुल बह गया है। चित्रकूट-सतना मार्ग क्षतिग्रस्त होने से भारी वाहनों का आवागमन रोका गया है।
मप्र के सीएम ने लिया जायजा, बोले-नुकसान की भरपाई करेगी सरकार
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की प्रलयकारी बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट का जायजा लेने रविवार सुबह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे। उन्होंने पैदल भ्रमण कर जलमग्न मकानों में हुए नुकसान को देखा, पीड़ितों से संवाद किया और राहत शिविरों में सामग्री बांटी। उन्होंने नुकसान की भरपाई का भरोसा देते हुए अधिकारियों को सर्वे के निर्देश दिए। बाढ़ में अब तक वृद्धा समेत तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं, सेना ने शनिवार आधी रात तक रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
