Wednesday, August 26खबर जो असर करे |
Shadow

MP: आगरमालवा में भीषण हादसा… ट्रक में घुसी बेकाबू कार, मां-बेटी की मौत…. 3 घायल

आगर मालवा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के आगर मालवा जिले (Agar Malwa district) में मंगलवार सुबह उज्जैन-गरोठ फोरलेन (Ujjain-Garoth Four-lane Highway) पर भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम रामाखेड़ी के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद पहुंचाया। हादसे में एक महिला कार के अंदर बुरी तरह फंस गई थी। उसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।


पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ौद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अर्टिगा चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।


हादसे के बाद कुछ समय तक फोरलेन पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और राहत दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से लोगों को निकालने का काम किया। एनएचएआई की एंबुलेंस से दोनों मृत महिलाओं के शव शासकीय अस्पताल बड़ौद पहुंचाए गए।


मां-बेटी की मौके पर मौत
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान सारिका पत्नी श्यामलाल और छवि पुत्री श्यामलाल के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।


तीन घायल, जिला अस्पताल रेफर
हादसे में सूरजपाल, सचिन और श्याम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौद में प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों का उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण तीनों को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया गया है।


सभी मृतक और घायल उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय कार की रफ्तार कितनी थी और चालक वाहन पर नियंत्रण क्यों नहीं रख सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *