नई दिल्ली। चीनी के भाव (Sugar Price Hike) सातवें आसमान पर चढ़ते ही चले जा रहे हैं। वह भी तब जब मोदी सरकार (Modi Government) दाम को काबू में करने के लिए ताबड़तोड़ एक्शन ले रही है। गुरुवार को सरकार ने जहां, 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात (1 Million tonnes Raw Sugar Import) की मंजूरी दी वहीं, मिलों के लिए भी सख्त निर्देश दिए।
इसके बावजूद 20 अगस्त को ही चीनी के थोक भाव में 525 रुपये तक की उछाल दर्ज की गई। वहीं रिटेल प्राइस भी 69 रुपये किलो तक पहुंच गई। ब्रांडेड पैकेट बंद चीनी की कीमतें 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं। उम्मीद है मोदी सरकार के उपायों का असर बहुत जल्द दिखेगा और आने वाले दिनों में चीनी के दाम गिरेंगे।
Chinimandi पर दिए गए 20 अगस्त 2026 के थोक भाव के आंकड़ों के मुताबिक प्रमुख मंडियों में चीनी की कीमतों में एक दिन में करीब 400 से 525 रुपये प्रति क्विंटल तक का उछाल आया है। इसका असर खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है, जहां पिछले कुछ दिनों में चीनी के दाम लगातार बढ़े हैं।
चीनी के थोक भाव में उछाल
थोक बाजार में अहमदाबाद में चीनी का भाव 6,405 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जो पिछले भाव से 525 रुपये अधिक है। कोलकाता और चेन्नई में भाव 6,562.50 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया, जबकि दोनों जगह 472.50 रुपये की तेजी दर्ज की गई। कोल्हापुर में 446.25 रुपये की बढ़त के साथ भाव 6,405 रुपये और दिल्ली में 420 रुपये की तेजी के साथ 6,510 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।
कानपुर में चीनी का भाव 6,531 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि बेंगलुरु में 6,457.50 रुपये और मुजफ्फरनगर में 6,468 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। यानी प्रमुख बाजारों में एक ही दिन में कीमतों में बड़ा उछाल आया है।
रिटेल मार्केट में चीनी के तेवर तीखे
खुदरा बाजार के आंकड़े भी तेजी की तस्वीर दिखा रहे हैं। 11 अगस्त को दिल्ली में चीनी 53 रुपये किलो थी, जो 20 अगस्त को बढ़कर 67 रुपये किलो हो गई। यानी महज नौ दिनों में 14 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई। इसी अवधि में कानपुर में भाव 53 से 68 रुपये, मुंबई में 52 से 67 रुपये और कोलकाता में 53 से 68 रुपये किलो हो गया। सबसे ज्यादा खुदरा भाव गुवाहाटी में 69 रुपये किलो दर्ज किया गया। 20 अगस्त को ज्यादातर शहरों में चीनी 67 से 69 रुपये किलो के आसपास पहुंच चुकी थी।
महंगाई रोकने के लिए सराकार ने क्या-क्या किए उपाय
10 लाख टन चीनी का होगा आयात: केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के लिए कच्ची चीनी के आयात को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 31 अक्टूबर 2026 तक 10 लाख मीट्रिक टन तक शुल्क मुक्त कच्ची चीनी के आयात की अनुमति प्रदान की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार 10 लाख मीट्रिक टन का टैरिफ रेट कोटा लागू होगा। इस कोटे के तहत निर्धारित मात्रा तक कच्ची चीनी का शुल्क मुक्त आयात किया जा सकेगा। इसके लिए अधिसूचना में निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। आयात की गई कच्ची चीनी से तैयार की गई चीनी को 31 अक्टूबर 2026 तक घरेलू बाजार में बेचने की भी शर्त रखी गई है।
स्टॉक पर नजर: सरकार ने चीनी की रिकॉर्ड कीमतों को काबू में करने के लिए बुधवार को एक आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक डीलर हर महीने 10 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करते हैं, वे 15 दिनों से अधिक समय तक स्टॉक नहीं रख सकते। नोटिफिकेशन के अनुसार, यह आदेश एक सितंबर से लागू होगा और 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।
