Monday, August 17खबर जो असर करे |
Shadow

यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, 822 ड्रोन मार गिराने का दावा; लक्ष्मी मित्तल की कंपनी की साइट भी क्षतिग्रस्त

नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रविवार को यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए। इस हमले में रूस के अलग-अलग हिस्सों में कम से कम छह लोगों की मौत की खबर है।

इसके जवाब में रूस ने भी यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइल हमले किए। इन हमलों में पांच लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। रूसी हमले में भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल के आर्सेलरमित्तल समूह से जुड़ी एक औद्योगिक साइट को भी नुकसान पहुंचा है। नुकसान के बाद वहां काम आंशिक रूप से रोक दिया गया है।

मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे सैकड़ों ड्रोन

मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार करीब 600 ड्रोन मॉस्को की दिशा में बढ़ रहे थे। इनमें से लगभग एक तिहाई ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही मार गिराया गया। बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले के कारण राजधानी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी वायु रक्षा ने रातभर में यूक्रेन के 822 ड्रोन को नष्ट किया। यूक्रेन की ओर से रूस के कई हिस्सों को निशाना बनाए जाने के कारण यह युद्ध शुरू होने के बाद के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक माना जा रहा है।

लक्ष्मी मित्तल की कंपनी की साइट को नुकसान

रूसी मिसाइल हमले का असर आर्सेलरमित्तल समूह की एक औद्योगिक साइट पर भी पड़ा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कंपनी ने पुष्टि की है कि हमले में उसकी एक साइट क्षतिग्रस्त हुई है।

हमले के बाद कंपनी ने वहां आंशिक रूप से काम रोक दिया है। हालांकि, नुकसान की कुल मात्रा और उत्पादन पर इसके प्रभाव का अभी विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

यूक्रेन में रूसी हमलों में पांच की मौत

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक रूसी मिसाइल हमलों में क्रिवी रिह शहर में दो लोगों की मौत हुई, जबकि 14 लोग घायल हुए। सूमी में भी एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं दक्षिणी जापोरिज्जिया में एक पुरुष और एक महिला की जान चली गई।

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों की पहुंच वाले इलाकों में बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है।

रोस्तोव में 150 से ज्यादा ड्रोन का दावा

रूस के रोस्तोव क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले की जानकारी सामने आई है। क्षेत्रीय गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के मुताबिक करीब 150 से अधिक ड्रोन से किए गए हमले में पांच लोगों की मौत हुई। कई मकानों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा है।

पोडॉल्स्क शहर में भी यूक्रेनी ड्रोन हमले के कारण ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई। इसके अलावा जंगल में भी आग लगने की सूचना है।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के चार साल पूरे होने के बीच दोनों पक्षों की ओर से हवाई हमलों में तेजी ने संघर्ष को और गंभीर बना दिया है। यूक्रेन के बड़े ड्रोन हमले और रूस की जवाबी कार्रवाई के बाद अब औद्योगिक प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *