रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर की एक महिला से तंत्र-मंत्र के जरिए पारिवारिक समस्याएं दूर करने और शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर 85 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में दुर्ग पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की मुलाकात कुछ समय पहले रायपुर में पवन बधोरिया से हुई थी। आरोपी ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसके परिवार पर संकट है और पति व बेटी की समस्याओं का समाधान विशेष पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और अनुष्ठान से ही संभव है। इसी बहाने उसने महिला का विश्वास जीत लिया।
जांच में सामने आया कि भरोसा कायम होने के बाद आरोपी ने महिला को शेयर मार्केट में निवेश कराने का प्रस्ताव दिया। उसने कम समय में कई गुना मुनाफा दिलाने का दावा किया। परिवार की परेशानियां दूर होने और अधिक लाभ मिलने की उम्मीद में महिला ने आरोपी के बताए बैंक खातों में अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर की। इसके अलावा कुछ राशि नकद भी दी गई। इस तरह कुल 85 लाख रुपये आरोपी के पास पहुंच गए।
जब महिला ने निवेश की रकम और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। संदेह होने पर महिला ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 85 लाख रुपये की ठगी की। वारदात के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी के साथ-साथ जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बेरोजगार है और तंत्र-मंत्र से जुड़े कार्य करने का दावा करता था। पुलिस उसके बैंक खातों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अन्य लोगों को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया है या नहीं।
