Thursday, July 9खबर जो असर करे |
Shadow

मिल गया पाकिस्तानी विमान का मलबा, लेकिन गायब हैं 5 क्रू मेंबर; समंदर में तलाश रहे जिंदगियां


इस्‍लामाबाद। पाकिस्तान के क्रैश हुए कार्गो जहाज का मलबा मिल गया है। लेकिन 5 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह से कराची जा रहा एक पाकिस्तानी कार्गो विमान हादसे का शिकार हो गया था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूटने के बाद लापता हुए K2 एयरवेज के इस बोइंग 737 विमान का मलबा बुधवार को अरब सागर में मिल गया है। पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, विमान में सवार 5 क्रू मेंबर अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
कहां मिला मलबा

करीब 12 घंटे के बड़े सर्च ऑपरेशन के बाद ओर्मारा बंदरगाह से 53 नॉटिकल मील दक्षिण में विमान का मलबा बरामद किया गया। विमान ने मंगलवार शाम शारजाह से उड़ान भरी थी। संपर्क टूटने से ठीक पहले विमान की ओर से नेविगेशन सिस्टम में खराबी की रिपोर्ट दी गई थी। पाकिस्तान नेवी, एयरफोर्स और नागरिक बचाव एजेंसियां मिलकर लापता 5 लोगों की समंदर में सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
मिला क्रैश हुए कार्गो विमान का मलबा
कैसे हुआ हादसा?

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी के मुताबिक, रडार डेटा से पता चला है कि विमान ने अचानक अपनी दिशा में बड़ा बदलाव किया और फिर तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा। स्थानीय समयानुसार मंगलवार रात करीब 9:21 बजे कराची से लगभग 155 नॉटिकल मील पश्चिम में विमान का रेडियो और रडार से संपर्क पूरी तरह टूट गया था।
रेस्क्यू ऑपरेशन में कौन-कौन शामिल?

हादसे का अलर्ट मिलते ही बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अरब सागर में चलाए जा रहे इस अभियान में पाकिस्तान नेवी के युद्धपोत ‘पीएनएस जुल्फिकार’, नेवल सर्विलांस एयरक्राफ्ट, पाकिस्तान एयरफोर्स के विमानों के साथ-साथ मर्चेंट जहाजों को भी तैनात किया गया है।
ये 5 क्रू मेंबर हैं लापता

K2 एयरवेज ने बयान जारी कर बताया है कि विमान में सवार सभी 5 लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है और वे पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। लापता हुए क्रू मेंबर्स की पहचान इस प्रकार है:

कैप्टन मुहम्मद रिजवान इदरिस
फर्स्ट ऑफिसर फैसल जतोई
फ्लाइट इंजीनियर मुहम्मद हामिद
फ्लाइट इंजीनियर मुहम्मद आरिफ सिद्दीकी
एयरक्राफ्ट लोडर मुहम्मद तौफीक खान

एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, “हम अपने साथियों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।”
पाकिस्तान का बोइंग 737 विमान क्रैश
पीएम शहबाज शरीफ ने क्या कहा?

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लापता क्रू मेंबर्स के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए हर संभव संसाधनों का इस्तेमाल किया जाए।
हादसे की वजह पर एक्सपर्ट्स की राय

हालांकि विमान के गायब होने से पहले नेविगेशन सिस्टम में खराबी की बात सामने आई थी, लेकिन एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि हादसे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

पाकिस्तानी ब्रॉडकास्टर एआरवाई न्यूज से बातचीत में एविएशन एनालिस्ट इमरान असलम ने बताया कि अगर विमान का इंजन फेल भी हो जाए, तो भी विमान आमतौर पर हवा में ग्लाइड करता है (तैरते हुए आगे बढ़ता है), न कि अचानक तेजी से नीचे गिरता है। दुर्घटना के असली कारणों का पता अब मलबे की फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।

बता दें कि पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों में कई बड़े विमान हादसे हुए हैं। साल 2020 में कराची के पास पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) का विमान क्रैश हो गया था, जिसमें 97 लोगों की मौत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *