Thursday, July 2खबर जो असर करे |
Shadow

खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत के नेताओं को न्योता, कांग्रेस नेताओं समेत कई प्रमुख हस्तियों को मिला आमंत्रण

नई दिल्ली। ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार और राजकीय श्रद्धांजलि समारोह में भारत के कई प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के अनुसार, ईरान ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद तथा कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को भी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है।

जानकारी के मुताबिक, अंतिम संस्कार से जुड़े धार्मिक और राजकीय कार्यक्रम 4 जुलाई से शुरू होंगे और कई दिनों तक विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में अनेक देशों के प्रतिनिधिमंडलों और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

भारत की ओर से जाएगा आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल

सूत्रों के अनुसार, ईरान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी औपचारिक निमंत्रण भेजा था। हालांकि भारत सरकार ने आधिकारिक प्रतिनिधित्व के लिए बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा को समारोह में भेजने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस भी तय कर रही प्रतिनिधिमंडल

बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व भी ईरान जाने वाले अपने प्रतिनिधिमंडल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

भारत-ईरान संबंधों के लिहाज से अहम आयोजन

कूटनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अंतिम संस्कार समारोह में भारत की भागीदारी दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाती है। पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों के बावजूद भारत ने ईरान के साथ अपने पारंपरिक और रणनीतिक संबंधों को बनाए रखने पर जोर दिया है।

गौरतलब है कि हाल ही में ईद-उल-अजहा के अवसर पर खामेनेई के उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए भारत और ईरान के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *