Thursday, July 2खबर जो असर करे |
Shadow

सोशल मीडिया पर ‘पूनम’ बनकर रचा प्रेम का जाल, सच्चाई सामने आते ही हुई हत्या; राजकोट में सनसनी

राजकोट। गुजरात के राजकोट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर खुद को युवती बताकर एक युवक से संबंध बनाने वाले व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में 20 वर्षीय पीयूष कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने चंदन कुमार उर्फ ‘पूनम’ की पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी दोस्ती

पुलिस जांच के अनुसार, पीयूष की पहचान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘निशा कुमार’ और ‘पूनम’ नाम की प्रोफाइल के जरिए हुई थी। इन प्रोफाइलों का संचालन चंदन कुमार कर रहा था, जो खुद को महिला के रूप में प्रस्तुत करता था। बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों साथ रहने लगे। बताया गया कि उन्होंने शादी जैसी रस्में भी निभाईं और पीयूष ने चंदन को अपनी पत्नी मान लिया।

जांच में सामने आया कि चंदन शारीरिक संबंध बनाने से लगातार बचता रहा और इसके लिए धार्मिक व्रत व अन्य कारण बताता था, जिस पर पीयूष को कोई संदेह नहीं हुआ।

ऐसे खुली असली पहचान

पुलिस के मुताबिक, एक दिन पीयूष ने चंदन को शेविंग करते देख लिया। इसी दौरान उसे पता चला कि जिसे वह अपनी पत्नी समझ रहा था, वह वास्तव में पुरुष है। इस खुलासे के बाद दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ और पीयूष ने उससे अलग होने का फैसला कर लिया। इसके बाद वह राजकोट के पडवाला क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करने लगा।

पीछा करते हुए पहुंचा फैक्ट्री, फिर हुआ विवाद

पुलिस का कहना है कि अलग होने के बाद भी चंदन ने पीयूष का पीछा नहीं छोड़ा। वह उत्तर प्रदेश और राजस्थान तक उसके संपर्क में रहने की कोशिश करता रहा। 21 जून को वह राजकोट के उसी कारखाने में पहुंच गया, जहां पीयूष काम करता था। दोनों के बीच फिर विवाद हुआ।

आरोप है कि गुस्से में पीयूष चंदन को रेलवे ट्रैक के पास सुनसान स्थान पर ले गया और बड़े पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को महिलाओं के कपड़ों में लपेटकर पत्थरों के नीचे छिपा दिया और वापस अपने काम पर लौट गया।

पोस्टमार्टम और तकनीकी जांच से खुला मामला

25 जून को मस्कट फाटक रेलवे क्षेत्र के पास एक सड़ी-गली लाश मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोटों और पत्थरों से वार किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।

सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पीयूष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस कर रही विस्तृत जांच

जांच अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि चंदन कुमार पिछले करीब तीन वर्षों से सोशल मीडिया पर महिला की पहचान बनाकर कई युवकों के संपर्क में था। पुलिस अब उसके अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स, संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *