Wednesday, July 1खबर जो असर करे |
Shadow

ऑस्ट्रेलिया लगातार आठवीं बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में

ऑस्ट्रेलिया लगातार आठवीं बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में
ऑस्ट्रेलिया लगातार आठवीं बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में

लंदन। महिला टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपनी अजेय लय बरकरार रखते हुए खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। कैरेबियाई टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 125 रन ही बना सकी। कप्तान और सलामी बल्लेबाज हेली मैथ्यूज ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिन्यूक्स, एश्ले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने दो-दो विकेट हासिल किए।

126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और केवल 13 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी ने 36 गेंदों में आठ चौकों की मदद से नाबाद 61 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने एश्ले गार्डनर के साथ तीसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में नाबाद 63 रन की साझेदारी कर मैच को पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में कर दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से कप्तान हेली मैथ्यूज और चिनेल हेनरी को एक-एक विकेट मिला, लेकिन वे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अधिक देर तक रोक नहीं सकीं।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में आठवीं बार फाइनल में जगह बनाई। यह टूर्नामेंट का 10वां संस्करण है और छह बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम एक बार फिर खिताब जीतने की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है। (हि.स.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *