अहमदाबाद। अहमदाबाद हवाई अड्डे (Ahmedabad Airport) पर बुधवार शाम ‘पार्किंग बे’ की ओर जाते समय एअर इंडिया (Air India) का एक विमान गलत दिशा में मुड़ गया, जिससे वह इंडिगो (IndiGo) के एक विमान के सामने आ गया। हालांकि, दोनों विमान एक-दूसरे से सुरक्षित दूरी पर रुक गए।
सूत्रों ने बताया कि मुंबई (Mumbai) जा रहा इंडिगो का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी एअर इंडिया का विमान गलत दिशा में मुड़ गया और वह उसी टैक्सीवे पर आ गया, जिस पर इंडिगो का विमान मौजूद था। सूत्रों के मुताबिक, टैक्सीवे पर दोनों विमान समय रहते एक-दूसरे से लगभग 200 मीटर की सुरक्षित दूरी पर रुक गए।
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, “हमें उस घटना की जानकारी है, जिसमें 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली हमारी एआई 2493 उड़ान लैंडिंग के बाद ‘पार्किंग बे’ की तरफ जाते समय अनजाने में गलत रास्ते पर मुड़ गई थी।”
विमानन कंपनी ने कहा कि विमान में सवार यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। उसने बताया कि बाद में विमान को सुरक्षित रूप से ‘पार्किंग बे’ में ले जाया गया। एअर इंडिया ने कहा, “नियामक प्राधिकरण को मामले की जानकारी दे दी गई है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।”
